भारत के मुजफ्फरनगर में बडा ट्रेन हादसा दस की माैत ५० से अधिक घायल
मुजफ्फरनगर (जेएनएन)।
१९ अगस्त
मुजफ्फरनगर में आज शाम करीब पौने छह बजे बड़ा रेल हादसा हो गया। पुरी से हरिद्वार जाने वाली कलिंगा-उत्कल एक्सप्रेस खतौली रेलवे स्टेशन से आगे पलट गई। रेल के करीब बारह डिब्बे पटरी से उतर गए। दो डिब्बे एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए। दुर्घटना के वक़्त ट्रेन 105 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेल हादसे पर गहरा दुःख प्रकट किया और घायल यात्रियों का समुचित इलाज कराए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए है। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा घटनास्थल के लिए निकल पड़े हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हादसा पीड़ितों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।रेलवे सूत्रों के मुताबिक इंजन के बाद तीसरा डिब्बे डिरेल हुआ और उसके बाद आठ डिब्बे और पटरी से उतर गए। कई डिब्बे एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए और एक डिब्बा पटरी के पास बने मकान में जा घुसा। हादसे में 10 लोगों की मौत की सूचना है। करीब 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। डिब्बों में यात्री फंसे हुए हैं। मौके पर आसपास के थानों का पुलिस फोर्स व रेलवे पुलिस यात्रियों को डिब्बे से निकालने की कड़ी मशक्कत कर रही है। मौके पर कोहराम मचा हुआ है। मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल की इमरजेंसी खाली करा ली गई। वहां भी चीख-पुकार मची हुई है। ट्रेन को करीब नौ बजे हरिद्वार पहुंचना था। हादसे से दिल्ली-देहरादून रेल मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं हो पाया है। मुजफ्फरनगर और मेरठ से भी रेलवे की टीमें राहत कार्य के लिए निकल चुकी हैं। हादसे के बाद दिल्ली-देहरादून मार्ग पर ट्रेनें जहां तहां खड़ी हो गई है। सहारनपुर की तरफ से आ रही गाडिय़ों को रोक दिया है।


