Thu. Nov 5th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

इस देश में किसी तरह की कोई लाज ही नहीं बची है:शरद यादव,IPL तमाशा: चीयर लीडर्स के साथ रेव पार्टी कर रहे थे 6‍ खिलाड़ी!

 

नई दिल्‍ली. आईपीएल मैचों के दौरान होने वाली घटनाएं और इसके खिलाडियों से जुड़ी बदनामी की खबरें सामने आने के बाद टूर्नामेंट की काफी फजीहत हो रही है। मुंबई के एक होटल में आयोजित रेव पार्टी में आईपीएल के दो खिलाडियों (चार छापे से पहले भाग गए थे) के पकड़े जाने की खबरों पर जद(यू) अध्‍यक्ष शरद यादव ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि हमारे बच्चे रेव पार्टी नहीं चाहते थे, लेकिन यह बुराई आईपीएल के जरिए ही फैली है।

यादव ने लोकसभा में कहा, ऐसा लगता है कि इस देश में किसी तरह की कोई लाज ही नहीं बची है। क्या बात है कि इस देश में लोग टीवी और न्यूज नहीं देख सकते लेकिन ये तमाशा (आईपीएल) चलाया जा रहा है कि सब उसे ही देखें। इस मामले को कई बार यहां उठाया जा चुका है। लेकिन सरकार के मंत्री और प्रणब जी खामोश बैठकर सुनते रहते हैं।’ जद(यू) ने आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्‍ला के इस्‍तीफे की मांग की है।

यह भी पढें   नेपाली कांग्रेस के कोशी प्रदेश महामंत्री पद के लिए राजेश गुप्ता करेंगे दावेदारी : माला मिश्रा

सपा नेता शैलेंद्र कुमार ने आईपीएल पर बैन लगाने की मांग की है। हालांकि फारुक अब्‍दुल्‍ला आईपीएल पर बैन लगाए जाने के पक्ष में नहीं हैं। एमसीए के चेयरमैन और केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख का कहना है कि आईपीएल के नियमों में और सख्‍ती की जरूरत है। आईपीएल में भ्रष्‍टाचार को लेकर सरकार के खिलाफ हल्‍ला बोलने वाले बीजेपी सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने बीसीसीआई को आरटीआई के दायरे में लाए जाने की मांग की।

खेल मंत्री अजय माकन ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि सरकार ने हाल के महीनों में क्रिकेट में भ्रष्‍टाचार के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आईपीएल और बीसीसीआई को 19 नोटिस जारी किए हैं। फेमा उल्लंघन के 1000 करोड़ के नोटिस जारी किए हैं जिन पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है। मंत्रालय ने आयकर विभाग से स्‍पॉट फिक्सिंग के आरोपों की जांच करने को कहा है।

यह भी पढें   नेपाल ने तीन महीने में बिजली निर्यात से किया 16 अरब रुपये से अधिक का कारोबार

माकन ने कहा कि खेल मंत्रालय ने रिवेन्यू सेक्रेट्री को खत लिखकर आईपीएल में ब्लैक मनी के आरोपों की जांच की मांग की है। उन्‍होंने कहा, ‘हमारा मानना है कि बीसीसीआई को आरटीआई के दायरे में आना चाहिए। बीसीसीआई भारतीय क्रिकेट टीम को चुनती है इसलिए उसे आरटीआई के दायरे में आना चाहिए। बीसीसीआई को आरटीआई के दायरे में लाने के लिए सूचना आयोग के समक्ष सुनवाई चल रही है।’ माकन ने यह भी कहा, ‘मैं सदन को बताना चाहता हूं कि 1996 से बीसीसीआई को चैरिटेबल इंस्टीट्यूशन के रूप में टैक्स से छूट प्राप्त था। साल 2009 में आयकर विभाग ने यह छूट खत्म कर दी। बीसीसीआई ने 1996-2006 तक 365 करोड़ की टैक्स छूट ली थी।

रेव पार्टी में छापेमारी के दौरान आईपीएल के दो खिलाड़ी वेन पर्नेल और राहुल शर्मा सहित करीब सौ लोग पकड़े गए थे। इनमें से कई चीयर लीडर्स बताई जाती हैं। पार्टी में चार और आईपीएल खिलाडि़यों के शामिल होने की बात सामने आ रही है, लेकिन वे छापा पड़ने से पहले वहां से जा चुके थे। पार्टी (तस्‍वीरें देखें) के आयोजक विषय हांडा के खिलाफ एनडीपीएस एक्‍ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हांडा को 25 मई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।

यह भी पढें   एनपीएल: जनकपुर बोल्ट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया

इस बीच, पुणे वॉरियर्स की टीम ने राहुल शर्मा से पल्‍ला झाड़ लिया है। टीम प्रबंधन के सूत्र बता रहे हैं कि टीम को 19 मई को रिलीज कर दिया गया था। इसके बाद किसी खिलाड़ी के निजी रवैये से टीम का कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि राहुल शर्मा ने आज पहली बार चुप्‍पी तोड़ी। अपने गृहनगर जालंधर में पत्रकारों से बातचीत में राहुल ने खुद को बेगुनाह होने का दावा किया। उन्‍होंने यहां तक कह दिया कि रेव पार्टी में ड्रग्‍स लेने के आरोप साबित हुए तो वह क्रिकेट खेलना छोड़ देंगे।Source: dainikbhaskar.com

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may missed

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com