Tue. Jun 30th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच ऐतिहासिक बातचीत, स्थायी शांति पर सहमति बनी

 

२८ अप्रैल

उत्तर और दक्षिण कोरिया के रिश्तों में छह दशकों से जमी बर्फ पिघलती दिख रही है. शुक्रवार को उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने दक्षिण कोरिया के राष्‍ट्रपति मून जे-इन के साथ ऐतिहासिक मुलाकात की. इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. इसके बाद एक साझा घोषणा पत्र जारी किया गया जिसमें दोनों देशों ने कोरियाई प्रायदीप में स्थायी शांति स्थापित करने के साथ निरस्त्रीकरण की दिशा में बढ़ने पर सहमति जताई.

दोनों देशों के नेताओं ने माना कि कोरियाई प्रायद्वीप में अब युद्ध नहीं होगा और शत्रुता का अंत करते हुए दोनों देश शांतिपूर्ण संबंधों को अहमियत देंगे. इस लिहाज से निकट भविष्य में मून जे-इन उत्तरी कोरिया का दौरा करेंगे. साथ ही दोनों देशों के नेताओं के बीच टेलीफोन पर भी नियमित रूप से बात होती रहेगी. इस साझा घोषणा पत्र को जारी करने के बाद किम जोंग-उन और मून जे-इन एक-दूसरे के गले भी लगे. इस शिखर वार्ता के दौरान कई ऐसे क्षण भी आये जब किम जोंग-उन काफी भावुक हो गए. इस दौरान उन्होंने कहा कि शिखर वार्ता के समझौते पूरे हों, इसके लिए वे पूरा प्रयास करेंगे. इस बैठक के शुरू होने से पहले भी उन्होंने कहा था कि वे एक नया इतिहास लिखे जाने के संकल्प के साथ दक्षिण कोरिया आये हैं….किम जोंग-उन और मून जे-इन के बीच इस वार्ता पर पूरी दुनिया की निगाहें थीं क्योंकि बीते कुछ समय से उत्तरी कोरिया अपने परमाणु कार्यक्रम को तेजी से बढ़ा रहा था. बीते साल उत्तर कोरिया ने छठां परमाणु परीक्षण करने के साथ अमेरिका तक मार कर सकने वाली मिसाइल का भी परीक्षण किया था. ऐसे में इस वार्ता में उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम पर भी बातचीत होनी थी मगर इस पर कोई जिक्र नहीं हो सका. उधर अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकारों ने माना है कि उत्तर और दक्षिण कोरिया की इस वार्ता से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और किम जोंग-उन के बीच होने वाली मुलाक़ात के अच्छी जमीन तैयार हुई है.

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may missed