Tue. Apr 21st, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

इसी तरह धीरे-धीरे ख्वाहिशें ख़त्म होती हैं, इसी तरह धीरे-धीरे मरता है आदमी : अमरजीत कौंके

 

धीेर-धीरे

अमरजीत कौंके

इसी तरह धीरे-धीरे

ख्वाहिशें ख़त्म होती हैं

इसी तरह धीरे-धीरे

मरता है आदमी

इसी तरह धीरे-धीरे

आँखों से सपने

सपनों से रंग ख़त्म होते

रंगों से ख़त्म होती है दुनिया

सफ़ेद कैनवस पर

काली चिड़ियाँ

मृत नज़र आती हैं

इसी तरह धीरे-धीरे

इबारतें कविताओं में

सिमटतीं कविताएँ

पंक्तियों में सिकुड़तीं

पंक्तियाँ शब्दों में लुप्त होतीं

और शब्द शून्य में खो जाते

इसी तरह धीरे-धीरे

इन्तज़ार करते आँखों में

यह भी पढें   मनुमुक्त 'मानव' मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा स्मृति-समारोह आयोजित *राजेंद्रसिंह रावल को मिला 11,000/- का मातादीन-मूर्तिदेवी स्मृति-पुरस्कार

इन्तज़ार ख़त्म होता

तड़पते-तड़पते होठों का

लरजना भूल जाता

छुअन को ललकते पोरों से

कम्पन गायब हो जाता

इसी तरह धीरे-धीरे

घर इन्सान को खा जाते

दीवारें उसकी मज़बूरी बन जातीं

रिश्ते जो उसके पाँव की बेडियाँ होते

आदमी उन्हें पाजेब बना कर

थिरकने लगता है

इसी तरह धीरे-धीरे

व्यवस्था के खिलाफ़

जूझता आदमी

व्यवस्था का अहम्

हिस्सा बन जाता

रंगों की दुनिया में

मटमैला-सा रंग बन जाता

और कैनवस से

यह भी पढें   जेनजी आंदोलन के बाद गृहमंत्री सुधन गुरूंग ने खरीदे 50 लाख से अधिक के शेयर

एक दिन लुप्त हो जाता

इसी तरह धीरे-धीरे

सोचते-सोचते आदमी

जड़ हो जाता है एक दिन

पता ही नहीं चलता कब

कोई उसके हाथों से क़लम

कोई कागज़ छीन कर ले जाता

इसी तरह धीरे-धीरे

एक कवि

कवि से कोल्हू का बैल बन जाता

और आँखों पर पट्टी बांध कर

मुर्दा ज़िन्दगी की

परिक्रमा करने लगता। -अमरजीत कौंके

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may missed