Box Office: दुनियाभर में ‘ज़ीरो’ की कमाई 100 करोड़ के पार, क्या क्रिसमस पर होगा ‘मंगल’
मुंबई। शाह रुख़ ख़ान की फ़िल्म ‘ज़ीरो’ का बॉक्स ऑफ़िस पर हाल अच्छा नहीं है। फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में लगभग 60 करोड़ का कलेक्शन किया है, जो उम्मीद से बहुत कम है। सोमवार के कलेक्शंस की रिपोर्ट्स भी निराशाजनक हैं। ट्रेड पर नज़र रखने वालों के अनुमान क मुताबिक़ सोमवार के कलेक्शंस में भारी गिरावट आ सकती है। हालांकि ज़ीरो का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 100 करोड़ को पार कर चुका है।
21 दिसम्बर को ज़ीरो बड़े उत्साह और उम्मीदों के बीच देशभर में 4000 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी थी। 2018 की अहम और बहुप्रतीक्षित फ़िल्मों में शामिल ज़ीरो से उम्मीदें इसलिए भी बढ़ गयी थीं, क्योंकि इस साल आमिर ख़ान की ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान और सलमान ख़ान की रेस 3 बॉक्स ऑफ़िस पर ढेर हो गयी थीं। दोनों खानों के फेल होने से सारा दारोमदार शाह रुख़ पर आ गया था। वहीं, ज़ीरो में शाह रुख़ का किरदार और ट्रेलर को देखकर भी एक अलग तरह की फ़िल्म होने के क़यास लगाये जा रहे थे, मगर ज़ीरो रिलीज़ हुई तो सारी उम्मीदों और क़यासों की हवा निकल गयी।
जहां 30-35 करोड़ के बीच ओपनिंग लेने के दावे किये जा रहे थे, वहीं फ़िल्म ने महज़ 20.14 करोड़ पहले दिन जमा किये। दूसरे दिन शनिवार को तो बिज़नेस बढ़ने के बजाय गिर गया। फ़िल्म सिर्फ़ 18.22 करोड़ ही जमा कर सकी। तीसरे दिन यानि रविवार को आंकड़े कुछ बेहतर हुए और फ़िल्म ने 20.71 करोड़ इकट्ठा कर लिये। इस तरह ज़ीरो ओपनिंग वीकेंड में 59.07 करोड़ जमा करने में सफल रही।
हालांकि ओवरसीज़ ने फ़िल्म को कुछ संभाल लिया है, जहां फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 35 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है। अमेरिका में 7.22 करोड़, ऑस्ट्रेलिया में 1.61 करोड़, न्यूज़ीलैंड में 63.75 लाख और नॉर्वे में 30.40 लाख ही मिल सके हैं। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस का 72 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और ओवरसीज़ का 35 करोड़ मिलाकर, ज़ीरो ने वर्ल्डवाइड 107 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में इकट्ठा कर लिया है।
सोमवार को कामकाजी दिन शुरू होने की वजह से फ़िल्मों का बिज़नेस गिरता है, ऊपर से ज़ीरो की ख़राब माउथ पब्लिसिटी के चलते कलेक्शंस में भारी गिरावट आने की आशंका ट्रेड एक्सपर्ट जता रहे हैं। सोमवार को दिनभर जो रिपोर्ट्स आती रहीं, उनके अनुसार सिनेमाघरों में 35-40 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही है। यानि चौथे दिन ज़ीरो का कलेक्शन 6-8 करोड़ तक रहने का पूर्वानुमान है।
अब ज़ीरो की सारी उम्मीदें मंगलवार (25 दिसम्बर) के कलेक्शंस पर टिकी हैं, क्योंकि क्रिसमस की छुट्टी होने की वजह से सिनेमाघरों में दर्शकों की तादाद बढ़ सकती है। ज़ीरो को इसी हफ़्ते में जितना सम्भव हो सके, कलेक्शन करना है, क्योंकि 28 दिसम्बर को सिम्बा रिलीज़ हो जाएगी, जो मास एंटरटेनर मानी जा रही है और इसकी रिलीज़ का असर ज़ीरो की स्क्रींस और कलेक्शंस पर पड़ेगा। उधर, कन्नड़ रिलीज़ केजीएफ चैप्टर 1 का हिंदी वर्ज़न धीरे-धीरे पकड़ बना रहा है। ओपनिंग वीकेंड में 9.20 करोड़ जमा करने के बाद हिंदी पट्टी के दर्शकों के बीच फ़िल्म की काफ़ी चर्चा हो रही है।

