चीन ने बनाया मानवरहित विमान
बीजिंग, प्रेट्र।
सामरिक क्षेत्र में अहम कदम बढ़ाते हुए चीन ने पांच सौ किलोग्राम से ज्यादा वजनी सामान ले जाने में सक्षम एक मानवरहित मालवाहक विमान का सफल परीक्षण किया है। परीक्षण के तहत चीन की सेना ने मानवरहित विमान के जरिये पांच सौ किलोग्राम से भी ज्यादा वजन के सैन्य साजो-सामान को 500 किलोमीटर दूर दुर्गम पठारी क्षेत्र स्थित लक्ष्य तक सफलतापूर्वक पहुंचाया।
रिपोर्ट के अनुसार, हाल में हुए इस परीक्षण को चीन के उत्तर पश्चिमी हिस्से के गांसू प्रांत के झांग्ये इलाके में अंजाम दिया गया। इसे चीनी सेना के नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी और सरकार के स्वामित्व वाली चीन एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉरपोरेशन ने संयुक्त रूप से पूरा किया। खबर के मुताबिक, एक इंजन वाले इस मानवरहित विमान ने सैन्य सामग्री को सफलतापूर्वक तय जगह पर पहुंचाया।
परीक्षण की सफलता पर चीन के नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी के ज्वाइंट लॉजिस्टिक्स अकादमी प्रमुख ली रुइजिंग ने कहा कि पहली बार चीन ने पैराशूट के माध्यम से इतने वजन के सैन्य सामग्री को अपने लक्ष्य पर पहुंचाया है। उनके अनुसार, सामरिक क्षेत्र में इस्तेमाल को लेकर चीन इससे भी कहीं अधिक वजन के सैन्य सामानों को सुदूर लक्ष्य तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।
मानवरहित विमान की विशेषता
इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह विमान युद्ध क्षेत्र में जाकर सैन्य सामानों को आसानी से पहुंचा सकता है। दुश्मन से खतरे की स्थिति में भी यह बेहतर है, क्योंकि निशाने पर आ जाने पर भी इसमें किसी की जान नहीं जाएगी।

