हैदराबाद : तेलंगाना पुलिस ने महिला डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या के चारों आरोपियों को किया ढेर
हैदराबाद, एएनआइ।
हैदराबाद में महिला डॉक्टर का दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। तेलंगाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह को इस मामले के सभी चारों आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया है।
रिपोर्टों में कहा गया है कि पुलिस क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए आरोपियों को मौका-ए-वारदात (नेशनल हाइवे-44) पर ले गई थी लेकिन मौके का फायदा उठाते हुए वे फरार होने लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में फायरिंग की जिसमें सभी आरोपी मारे गए।
रिपोर्टों में पुलिस कमिश्नर के हवाले से कहा गया है कि तेलंगाना पुलिस चारों आरोपियों को उस फ्लाइओवर के नीचे लेकर गई थी जहां उन्होंने पीड़िता को आग के हवाले किया था।
उस जगह पर क्राइम सीन को रीक्रिएट किया जा रहा था तभी चारों आरोपी भागने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी और त्वरित कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं जिसमें चारों मारे गए। इस बीच पीड़िता के चाचा का बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि न्याय त्वरित होना चाहिए ताकि लोगों में अपराध के प्रति भय हो।
27-28 नवंबर की दरम्यानी रात को हैदराबाद में 27 साल की महिला डॉक्टर उस समय हैवानियत की शिकार हो गई थी जब रात 9 बजे के आस-पास उसकी स्कूटी पंक्चर हो गई थी।
रिपोर्टों में कहा गया है कि जब वह स्कूटी पार्क कर रही थी, तभी हैवानों ने उसकी स्कूटी की हवा कथित तौर पर निकाल दी थी और मदद के बहाने उसके साथ दरिंदगी करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। 27 साल की महिला डॉक्टर की सामूहिक दुष्कर्म के बाद बर्बर हत्या की वारदात से पूरा भारत आंदोलनरत था। सड़क से संसद तक जल्द से जल्द इंसाफ दिए जाने की मांग उठ रही थी।
दैनिक जागरण से


