जेल में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में 12 लोगों की मौत
पनामा सिटी, एजेंसी ।
यहां की एक जेल में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में 12 लोगों की मौत हो गई। करीब एक दर्जन लोग घायल है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोलीबारी की घटना जेल के उस सेल में हुई जहां एक गिरोह के सदस्यों को रखा गया है। पनामा के गृह विभाग ने बताया कि इस गोलीबारी में कोई गार्ड या जेल कर्मचारी हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद कोई कैदी फरार होने में सफल नहीं हुआ है।
पनामा पुलिस ने घटनास्थल से पांच पिस्तौल और तीन राइफल बरामद किए हैं। नेशनल पुलिस के सहायक निदेशक अलेक्स मुनोज ने कहा कि जेल में तस्करी की शिकायत लंबे समय से है। पनामा प्रशासन को शक है कि जेल में यह हथियार तस्करी के जरिए पहुंचाए गए थे। घटना की जांच की जा रही है। जेल प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि आखिर ये हथियार जेल तक कैसे पहुंचे।

