प्रतिक्रियावादी द्वारा रचित षडयन्त्र अन्तर्गत मुझे क्वारेन्टाइन में रखा गयाः सांसद् यादव
वीरगंज, १० अप्रिल । समाजवादी पार्टी के नेता तथा पर्सा निर्वाचन क्षेत्र नं. १ से निर्वाचित सांसद् प्रदीप यादव ने कहा है कि प्रतिक्रियावादी द्वारा रचित षडयन्त्र के अन्तर्गत उनको क्वारेन्टाइन में रखा गया है । शुक्रबार एक विज्ञप्ति प्रकाशित करते हुए उन्होंने ऐसा दावा किया है । उनका कहना है कि स्थानीय प्रशासन की अनुमति लेकर और कोरोना वायरस नियन्त्रण संबंधी स्वास्थ्य मापदण्ड को पूरा करके ही उन्होंने रक्सौल स्थित क्वारेन्टाइन में रहे नेपालियों से भेंट किया है, लेकिन प्रतिक्रियावादी राजनीति करनेवाले कुछ षडयन्त्रकारियों के कारण उनको क्वारेन्टाइन में रहना पड़ा है ।
रक्सौल स्थित क्वारेन्टाइन में रहे नेपाली नागरिकों के लिए भारतीय प्रशासन की ओर से की गई अच्छी व्यवस्थापन, उन लोगों की सकारात्क प्रतिक्रिया आदि के बारे में चर्चा करते हुए सांसद् यादव ने कहा है कि इससे पहले भी विभिन्न सीमा नाक में जाकर अन्य मन्त्री से लेकर सांसद् तक ने क्वारेन्टाइन में रहे नेपाली नागरिकों से मिले हैं । उन्होंने प्रश्न किया– ‘इससे पहले विभिन्न जिलों में सिर्फ मास्क लगाकर जिला अधिकारी, स्थानीय तह के जनप्रतिनिधि और सुरक्षकर्मी क्वारेन्टाइन में जाकर नेपाली नागरिक से भेंट किए है और उसका समाचार भी आया है । लेकिन उन लोगों को क्वारेन्टाइन में रहने की बात नहीं हुई है, सिर्फ मेरे लिए ही क्यों ?’
सांसद् यादव ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण रोकथाम ओर नियन्त्रण के लिए सरकार द्वारा घोषित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वह स्थानीय स्तर में क्रियाशील थे, जो कुछ लोगों के लिए नहीं भा रहा था । जारी विज्ञप्ति में लिखा है– ‘पिछली बार मेरी जो सक्रियता रही, उसको देखकर मेरी लोकप्रियता भी बढ़ रही थी, उसको सहन करने में असर्थम कुछ प्रतिक्रियावादी नेताओं ने इसको विभिन्न मुद्दा बनाने का प्रयास किया । उन लोगों की दबाव के बीच ही मुझे गृह मन्त्रालय ने होम क्वारेन्टाइन में रखने का आदेश दिया, जो मुझे स्थानीय प्रशासन मार्फत जानकारी में आई ।’
सांसद् यादव ने कहा है कि कानून अनुसार सरकार द्वारा जारी नीति–निर्देशन पालना करना उनका भी कर्तव्य है । उन्होंने आगे कहा है– ‘इसीलिए आज मैं अपने घर के भीतर ही क्वारेन्टाइन में हूं ।’ विज्ञप्ति में उन्होंने कोरोना वायरस नियन्त्रण के लिए उनकी ओर से सम्पादित विभिन्न कार्य को भी स्मरण किया है । उन्होंने कहा है कि वह पिछली बार कोरोना संक्रमित को उपचार के लिए आवश्यक २० शैया का आइसोलेशन निर्माण, नारायणी अस्पताल को थप भेन्टिलेटर मसिन की उपलब्धता, वीरगंज में कोरोना विशेष अस्पताल स्थापना जैसे कार्य आगे बढ़ा रहे थे । सांसद् यादव ने यह भी कहा है कि घर के भीतर क्वारेन्टन में रहते हुए भी उल्लेखित कार्य के लिए वह क्रियाशील है और उसका नतीजा जल्द ही आनेवाला है ।
सांसद् यादव ने आगे कहा है– ‘काम करनेवालों को विभिन्न किसिम से हतोत्साहित करनेवाले प्रतिक्रियावादियों की गतिविधि से मैं विचलित नहीं हूँ । सभी कार्यकर्ता, शुभेच्छुक और आम जनता उच्च मनोबल के साथ काम करें ।’

