भारत ने खामियों की शिकायत के बाद चीन से रैपिड टेस्ट किट का आर्डर रद्द किया
कोरोना वायरस की जांच के लिए चीन से मंगाई गई रैपिड टेस्ट किट में आने वाली खामियों के बाद भारत सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सटीक परिणाम नहीं मिलने की वजह से इसकी सप्लाई करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि आईसीएमआर ने चीन की दो कंपनियों (बायोमेडीमिक्स और वोंडफो) से त्वरित जांच किट की खरीद का करार किया था। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों इन किट की आपूर्ति के बाद फील्ड परीक्षण के दौरान इनसे सटीक परिणाम नहीं मिलने पर आईसीएमआर ने आपूर्तिकर्ता कंपनियों के विरुद्ध करार की शर्तों के मुताबिक कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि आपूर्ति से पहले कंपनियों को कोई भुगतान नहीं किया गया था, इसलिए किसी प्रकार के आर्थिक नुकसान की बात नहीं बनती है।


