तालीबान ने बनाई सुसाइड बॉम्बर्स की फौज, सीमा पर करेगा तैनात
तालिबान ने सुसाइड बॉम्बर्स की फौज बना ली है। जल्द ही इन बॉम्बर्स की तैनाती अफगानिस्तान के बदाकशन प्रक्षेत्र में होगी। इस प्रक्षेत्र के उप राज्यपाल मुल्ला निसार अहमद अहमदी ने मीडिया से बातचीत में इस बेहद ही घातक फौज के बारे में जानकारी दी है। ‘Khaama Press’ के मुताबिक निसार अहमद ने मीडिया को इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा कि तजाकिस्तान और चीन से लगने वाले बदाकशन प्रक्षेत्र के नॉर्थईस्टर्न इलाकों में इन बॉम्बर्स की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस फौज का नाम लश्कर-ए-मंसूरी रखा गया है। इसे ‘मंसूर आर्मी’ के नाम से जाना जाएगा। इस देश की सीमाओं पर तैनात किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी है कि यह आत्मघाती हमलावर सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर हमला करने में पूरी तरह सक्षम हैं, जिस तरह से उन्होंने पिछली अफगान सरकार के खिलाफ किया था।
उन्होंने कहा, ‘ये सभी बहादुर लोग विस्फोटक पहने रहेंगे। अफगानिस्तान में ये यूएस बेस पर धमाके के साथ फटेंगे। यूएस को हराना इनके बिना संभव नहीं होता। यह लोग बिल्कुल ही निडर और बेखौफ हैं…यह अल्लाह के प्रति समर्पित हैं।’
जानकारी के मुताबिक लश्कर-ए-मंसूरी के अलावा बदरी 313 एक अन्य बटालियन भी है जिसे काबुल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात किया गया है। इस बटालियन के सदस्य भी इतने ही घातक हैं और विस्फोटकों से लदे हुए हैं। -बता दें कि अफगानिस्तान पर बंदूक की नोंक पर कब्जा जमाने वाले खूंखार आतंकी संगठन तालिबान पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर है। कई देशों ने साफ कहा है कि जब तक अफगानिस्तान की धरती से आतंक को पाला-पोषा जाएगा तब तक अफगान में तालिबान की सरकार को मान्यता नहीं दी जाएगी।


