हेरात में एक मिनी वैन में हुए बम विस्फोट में 7 लोगों की मौत
अफगानिस्तान के पश्चिमी शहर हेरात में एक मिनी वैन में हुए बम विस्फोट में 7 लोग मौत हो गई। मरने वालों में 4 महिलाएं भी शामिल हैं। तालिबान कमांडर मावलवी अंसारी ने बताया कि हमले में 10 लोग घायल हुए हैं, अभी तक इस विस्फोट के पीछे का मकसद पता नहीं चल सका है। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
सीक्रेट डिपार्टमेंट के प्रवक्ता सबित हार्वी ने कहा- शुरुआती जांच से पता चला है कि विस्फोटक को पैसेंजर गाड़ी के ऑयल टैंक के पर लगाया गया था। हेरात के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 10 घायलों में तीन की हालत बहुत ज्यादा गंभीर है।
ISIS और ISIS-K के आतंकियों पर शक
हेरात के जिस इलाके में विस्फोट किया गया है, वहां पर शिया हजारा समुदाय अच्छी खासी तादाद में रहता है। यह समुदाय अक्सर ISIS और इस्लामिक स्टेट इन खुरासान (ISIS-K) के आतंकियों के निशाने पर रहता है। इस वजह से अनुमान लगाया जा रहा है कि इस हमले के पीछे इन संगठनों का हाथ हो सकता है।
हेरात अफगानिस्तान का तीसरा सबसे बड़ा शहर है, जो ईरान की बॉर्डर के पास स्थित है। इस शहर को अफगानिस्तान के दूसरे इलाकों के मुकाबले काफी शांत माना जाता है।

