यूक्रेन :मिसाइल हमले में 50 लोगों की मौत, बूचा और कुछ अन्य कस्बों से अभी तक 650 शव बरामद
कीव, रायटर।
यूक्रेन में जारी युद्ध में शुक्रवार को भीड़ भरे क्रैमेटोर्स्क रेलवे स्टेशन पर हुए मिसाइल हमले में 50 लोग मारे गए जबकि करीब पांच दर्जन घायल हुए हैं। जिस स्टेशन पर हमला हुआ वह पूर्वी यूक्रेन के डोनेस्क इलाके में है, जहां पर इन दिनों भीषण युद्ध चल रहा है। स्टेशन में मौजूद ज्यादातर लोग सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। रूस ने आमजनों पर हुए इस हमले में अपना हाथ होने से इन्कार किया है।अमेरिका और यूरोपीय यूनियन ने हमले की कड़ी निंदा की है। इस बीच रूस ने यूक्रेन युद्ध में भारी नुकसान की बात स्वीकार की है।
वहीं बूचा नरसंहार के लिए रूस को घेर रहे यूक्रेन ने कहा है कि युद्धविराम के लिए दोनों देश वार्ता कर रहे हैं। साथ ही यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से रूस पर और ज्यादा प्रतिबंध लगाने और लड़ने के लिए हथियारों की मांग की है।
क्लस्टर बम लेकर आई मिसाइल का विस्फोट
डोनेस्क के गवर्नर पाव्लो किरिलेंको ने बताया है कि क्लस्टर बम लेकर आई मिसाइल का विस्फोट हवा में हुआ। इससे निकले तमाम छोटे बमों ने ज्यादा तबाही मचाई। दुनिया में क्लस्टर बम के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है, हालांकि इससे संबंधित सहमति पर रूस ने हस्ताक्षर नहीं किए हैं।
मिसाइल हमले के समय रेलवे स्टेशन के अंदर और बाहर करीब चार हजार लोग मौजूद थे। मिसाइल हमले ने स्टेशन पर चीख-पुकार के हालात पैदा कर दिए और वहां भगदड़ मच गई। तेज आवाज वाले विस्फोट के साथ वहां पर आग लग गई जिसकी चपेट में आकर कई लोग मारे गए और घायल हुए। स्टेशन में मौजूद ज्यादातर लोग शहर छोड़कर जाने वाले महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे थे। मरने और घायल होने वालों में भी इन्हीं की ज्यादा संख्या है।
बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या
कई घायलों की मौत अस्पताल में हुई, बहुत से घायलों की स्थिति गंभीर है। किरिलेंको ने हमले के बाद की स्टेशन की स्थिति की कई फोटो इंटरनेट मीडिया पर जारी की हैं। जबकि रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि स्टेशन पर हमले में जिस मिसाइल का इस्तेमाल हुआ है उनका इस्तेमाल यूक्रेन की सेना करती है। रूसी सेना ने शुक्रवार को क्रैमेटोर्स्क में कोई हमला नहीं किया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने फिनलैंड की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन पर यूक्रेन का एक भी सैनिक नहीं था। वहां मौजूद नागरिकों पर रूसी सेना ने हमला किया है।
पूर्वी और दक्षिणी भागों में युद्ध तेज
क्रैमेटोर्स्क शहर डोनेस्क का हिस्सा है। डोनेस्क के एक हिस्से पर रूस समर्थित विद्रोहियों का 2014 से कब्जा है, बाकी के हिस्से पर कब्जे के लिए रूसी सेना इन दिनों लड़ रही है। इसके पड़ोस के लुहांस्क के ज्यादातर क्षेत्र पर रूसी सेना ने कब्जा कर लिया है। दोनों क्षेत्रों के इस भूभाग को ही डोनबास कहते हैं। यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी भागों में जहां युद्ध तेज हुआ है, वहीं उत्तरी हिस्से से रूसी सैनिक पूरी तरह से हट गए हैं और वहां पर फिर से यूक्रेन का कब्जा हो गया है।
650 नागरिकों के शव बरामद
यूक्रेन की प्रोसीक्यूटर जनरल इरयाना वेनेडिक्टोवा ने बताया है कि बूचा, बोरोडियांका, इरपिन और कुछ अन्य कस्बों से अभी तक 650 नागरिकों के शव बरामद हुए हैं। इनमें से 40 शव बच्चों के हैं। ये शव कई हफ्ते पुराने हैं और उन पर गोलियों के निशान हैं।
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष पहुंचीं बुचा
इस बीच यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूक्रेन के बुचा शहर का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हमनें बुचा में मानवता को बिखरते देखा। बुचा के लोगों के साथ-साथ पूरी दुनिया शोक में है। हम इस महत्वपूर्ण लड़ाई में यूक्रेन के साथ खड़े हैं।
करीब डेढ़ महीने से जारी यूक्रेन युद्ध में रूस ने पहली बार माना है कि उसकी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। लेकिन मारे गए सैनिकों की संख्या और बर्बाद हुए हथियारों के बारे में रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कोई जानकारी नहीं दी है। जबकि यूक्रेन का दावा है कि युद्ध में उसकी सेना ने अभी तक 18 हजार से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार डाला है और 150 से ज्यादा लड़ाकू विमान व करीब 700 टैंक नष्ट किए हैं।

