नेपाल भारत सीमा पर पिलर से छेड़छाड़ का मामला

टनकपुर (चंपावत)। नेपाल भारत सीमा पर एक सीमा पिलर खुर्दबुर्द किया गया है। एसएसबी ने इसकी रिपोर्ट भारत सरकार को भेज दी है। एसएसबी अधिकारियों ने नेपाल प्रशासन से भी पिलर के साथ छेड़छाड़ करने का पता लगाने का अनुरोध किया है। इसके लिए एसएसबी ने टनकपुर कोतवाली में भी तहरीर दी है।
टनकपुर से लगी नेपाल की ब्रह्मदेव मटेना सीमा के पास चार अप्रैल को भारत-नेपाल सीमा पिलर संख्या 809/2 का प्लास्टर अराजक तत्वों ने निकाल दिया। उसमें अंकित पिलर संख्या तक मिटा दी गई है। एसएसबी और नेपाल की एपीएफ के जवानों ने उक्त सीमा पिलर को क्षतिग्रस्त हालत में देखा। दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने अपने यहां के उच्चाधिकारियों को अवगत करा रिपोर्ट भी सौंप दी है। दोनों देशों की एजेंसियां जांच कर रहीं हैं। एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडेंट बीपीएस नेगी ने बताया कि नेपाल प्रशासन से भी पिलर क्षतिग्रस्त करने वाले का पता लगाने का अनुरोध किया गया है। सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि एसएसबी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

