‘अरबपति गुची मास्टर’ के नाम से चर्चित नाइजीरियाई रेमन अब्बास को धोखाधड़ी के मामले में 11 साल की सजा
सोशल साइट इंस्टाग्राम पर ‘अरबपति गुची मास्टर’ के नाम से चर्चित नाइजीरियाई रेमन अब्बास को धोखाधड़ी के मामले में अमेरिकी कोर्ट ने 11 साल की सजा सुनाई है। अब्बास को चोरी, हैकिंग और मनी लॉन्ड्रिंग का दोषी माना गया है।
40 साल के रेमन अब्बास को सोमवार को लॉस एंजिल्स में 135 महीने की जेल की सजा सुनाई गई। उसे अप्रैल 2021 में मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश का दोषी ठहराया गया था। ‘अरबपति गुची मास्टर’ पर उत्तर कोरियाई हैकर्स को साइबर अपराध के माध्यम से 1.3 अरब डॉलर से ज्यादा की चोरी करने, धन लूटने में मदद करने और बैंक डकैती में लिप्त होने का आरोप था।
रेमन अब्बास सोशल मीडिया पर @hushpuppi और ‘अरबपति गुची मास्टर’ के रूप में अपनी संपत्ति का प्रदर्शन करता था। इंस्टाग्राम इंफ्लूएंसर को वैश्विक चोरी और मनी-लॉन्ड्रिंग घोटाले में उसकी भूमिका के लिए 11 साल अमेरिकी जेल में बिताने का आदेश दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब्बास ने जुर्म कबूल कर लिया है, इसलिए उसे दी गई सजा के खिलाफ अपील के अधिकार सीमित हो गए हैं। हालांकि, अब भी वह सजा के खिलाफ सीमित दायरे में अपील कर सकता है।

