लुंबिनी में मोरारी बापू द्वारा अब 07 फरवरी से नौ दिवसीय रामकथा
* रामकथा की तिथि में अपरिहार्य कारणों से हुआ परिवर्तन, 04 फरवरी से होना था शुभारंभ
* आयोजन से उत्साहित लुंबिनी, भैरहवा आदि के होटल,रेस्टोरेंट व्यवसायी,अधिकांश होटल हुए बुक
अजय प्रताप गुप्त, कपिलवस्तु (लुम्बिनी प्रदेश)। ख्यातिलब्ध अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक मोरारी बापू द्वारा नेपाल के लुंबिनी में आगामी 07 से 15 फरवरी तक श्रीराम कथा प्रवचन का विशाल व भव्य आयोजन किया गया है। जिसमें नेपाल व भारत के विभिन्न शहरों से श्रद्धालुजन कथा श्रावण हेतु भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी पहुचेंगे। ‘श्री रामकथा प्रवचन’ के आयोजन से लुंबिनी के होटल, रेस्टोरेंट तथा यातायात व्यवसायी काफी उत्साहित हैं।
श्री रामकथा प्रेमयज्ञ समिति, लुंबिनी (नेपाल) के द्वारा आगामी 07 से 15 फरवरी तक लुंबिनी स्थित अंतरराष्ट्रीय ध्यान केंद्र सभा हॉल में विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु मोरारी बापू की 912वीं श्री रामकथा प्रवचन का आयोजन किया गया है।कथा प्रातः 10 बजे से अपरान्ह डेढ़ बजे तक चलने की योजना है।उक्त आयोजन 04 फरवरी से शुरू होना था,जिसके तिथि में अपरिहार्य कारणों से अंत समय मे परिवर्तन किया गया है,जबकि अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नेपाल में पिछले डेढ़ साल में मोरारी बापू की यह तीसरी श्रीराम कथा होने जा रही है, इससे पूर्व मुक्तिनाथ और जनकपुर धाम में श्री रामकथा हो चुकी है।
कथा के मुख्य आयोजक वाराणसी (भारत) के कृष्ण कुमार जालान ने बताया कि गुरु मोरारी बापू सच्चे प्यार और करुणा के संदेश के साथ प्रमुख तीर्थ/ धार्मिक स्थलों पर प्रवचन देते रहे हैं,इसी क्रम में भारत के बोधगया, सारनाथ और कुशीनगर में राम कथा प्रवचन किया जा चुका है। मोरारी बापू विशेष चार्टर प्लेन से गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, भैरहवा पहुचेंगे।सर्वप्रथम वो भगवान बुद्ध की जन्मभूमि का दर्शन और पूजन करेंगे,तदुपरांत बुद्ध लुंबिनी गार्डेन होटल में प्रवास करेंगे।उक्त कथा की तिथि में आज अंतिम समय मे परिवर्तन किया गया है,जिससे लोगों में असमंजस है।
आयोजन समिति से सम्बद्ध उद्यमी विकास केडिया ने बताया कि ‘आस्था’ टीवी चैनल के माध्यम से 170 से अधिक देशों में आयोजन के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में नेपाल के चितवन,रुपनदेही, नवलपरासी, कपिलवस्तु,दांग सहित सीमावर्ती भारतीय जिले सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, बलरामपुर आदि से लोग कथा श्रवण हेतु पहुचेंगे। उन्होंने बताया कि प्रवचन कार्यक्रम के जरिये दुनिया भर में लुंबिनी को प्रचारित करने में भी मदद मिलेगी।
उक्त रामकथा के भव्य व विशाल आयोजन से नेपाल में पर्यटन के साथ होटल व्यवसाय के फलने फूलने में मदद मिलेगी। लुंबिनी होटल बिजनेस
एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद ज्ञवाली के मुताबिक लुंबिनी के करीब 125 होटलों में से 100 से अधिक होटल बुक हो चुके हैं,ऐसा पहली बार हुआ है। नौ दिनों तक चलने वाले कथा प्रवचन के दौरान 10 हजार श्रद्धालुओं को दिन में 3 बार निःशुल्क प्रसाद ग्रहण कराए जाने की भी व्यवस्था है।आयोजन समिति के समन्वयक राजेश अग्रवाल ने बताया कि विश्व शांति की कामना हेतु लुंबिनी में 912 पौधों का रोपण भी किया जाएगा।
*कृष्णनगर (बढनी) से चार निःशुल्क बसों की है व्यवस्था*
सामाजिक कार्यकर्ता गोकुल चंद गोयल के अनुसार सात फरवरी से लुंबिनी स्थित कथास्थल तक जाने के लिए सीमावर्ती कृष्णनगर बाजार से 4 बसों की व्यवस्था की गई है। जो प्रतिदिन सुबह साढ़े 7 बजे प्रस्थान करेगी।कथा समाप्ति पर करीब 2 बजे वहां से वापसी हेतु चलेगी।

