भुटानी शरणार्थी काण्डः पूर्वगृहमन्त्री बालकृष्ण खाँड और उनके स्वकीय सचिव गिरफ्तार

काठमांडू, १० मई । नेपाली कांग्रेस के नेता तथा पूर्वगृहमन्त्री बालकृष्ण खाँड और उनके स्वकीय सचिव नरेन्द्र केसी को नेपाल पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है । नक्कली भूटानी शरणार्थी काण्ड में पूर्वगृहमन्त्री रामबहादुर थापा, पूर्व उपप्रधानमन्त्री टोपबहादुर रायमाझी के साथ साथ खाँड का भी नाम आ रहा था । इसीलिए उनको आज सुबह उनके ही निवास मैजुबहाल से गिरफ्तार किया गया है । स्वकीय सचिव केसी को जटिबुटी से गिरफ्तार किया गया है ।
पुलिस अनुसंधान से पता चला है कि नेपाली नागरिकों को भुटानी शरणार्थी का परिचयपत्र बना कर अमेरिका भेजने के लिए करोडों का कारोबार हुआ है । बताया गया है कि तत्कालिन गृहमन्त्री खाँड की पत्नी मञ्जु को लाखों रुपये मिला है । शरणार्थी काण्ड में ही दूसरे पूर्व उपप्रधानमन्त्री तथा नेकपा एमाले के सचिव टोपबहादुर रायमाझी पुलिस की नजर से लापत्ता हैं । खाँड गृहमन्त्री रहते वक्त गृहसचिव रहे टेकनारायण पाण्डे को इससे पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार किया है । पूर्व गृहमन्त्री रामबहादुर थापा के पुत्र प्रतीक थापा, थापा के सुरक्षा सल्लाहकार इन्द्रजीत राई भी गिरफ्तार हो चुके हैं ।
पुलिस स्रोत के अनुसार पूर्वगृहमन्त्री खाँड को नियन्त्रण में रखने के लिए आज ही अदालत से म्याद लिया जा रहा है ।

