नवाज शरीफ को मिला भुट्टो का समर्थन
काठमांडू, फगुन २ – इमारान खान की पार्टी के उम्मीदवारों के सबसे ज्यादा सीटें जीतने के बाद भी पाकिस्तान की राजनीति में उथल पुथल चल रही है । राजनीति में कही जाती है कि कुछ नहीं कर सको तो जोड़ने और तोड़ने की कोशिश करें तो अभी वहाँ कुछ ऐसा ही दिख रहा है । आंकड़े पर जाए तो इमरान खान की पार्टी आगे आ सकती थी लेकिन वो जेल में बंद हैं और विलावल भुट्टो ने प्रधानमंत्री की दौड़ से खुद को अलग कर दिया है तो एैसा लग रहा है कि एक बार फिर नवाज शरीफ का पलड़ा भारी होगा ।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो–जरदारी के प्रधानमंत्री पद की दौड़ से पीछे हटने के साथ पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के प्रमुख नवाज शरीफ के चौथी बार देश के प्रधानमंत्री बनने की संभावना मजबूत हो गई है । जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक–ए–इंसाफ (पीटीआई) पार्टी द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों के संसद में सबसे अधिक सीटें जीतकर आश्चर्यचकित करने के बावजूद, आम चुनाव के पांच दिन बाद पाकिस्तान की अगली सरकार कैसी होगी ? इस पर सवाल मंडरा रहे हैं । तीन प्रमुख दलों–पीएमएल–एन, पीपीपी या पीटीआई में से किसी ने भी आठ फरवरी को हुए आम चुनावों में नेशनल असेंबली में बहुमत हासिल करने के लिए आवश्यक सीटें नहीं जीती हैं । इसलिए, अपने दम पर सरकार बनाने में वे असमर्थ होंगे।
बिलावल ने अपनी अध्यक्षता में हुई पीपीपी की उच्चाधिकार प्राप्त केंद्रीय कार्यकारी समिति की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी केंद्र में सरकार बनाने के लिए जनादेश प्राप्त करने में विफल रही । बिलावल ने कहा –इस वजह से मैं खुद को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की दौड़ के लिए आगे नहीं रखूंगा । इससे पहले, पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर पुष्टि की कि पीएमएल(एन) के प्रमुख नवाज शरीफ चौथी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे ।

