Thu. May 7th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

एक ऐसा शिव मंदिर जहां मुसलमान भी नवाज़ते है मत्था!

 
डॉ श्रीगोपाल नारसन एडवोकेट
एक ऐसा भी शिव मंदिर है जहां हिंदू ही नही मुसलमान भी नवाज़ते है मत्था।यह शिव मंदिर   मुस्लिमों के भी आराध्‍य हैं।उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से 25 किमी दूर एक ऐसा शिवलिंग है, जिस पर कलमा खुदा हुआ है। कहा जाता है कि महमूद गजनवी ने इस शिवलिंग को तोड़ने की कोशिश की थी, मगर वह कामयाब नहीं हो सका था। जिस पर उसने शिवलिंग पर उर्दू में ‘लाइलाहाइल्लललाह मोहम्मदमदुर्र् रसूलुल्लाह’ लिखवा दिया ताकि हिंदू इसकी पूजा न कर सकें।लेकिन इसके बाद इस मंदिर के प्रति लोगो की आस्था ओर ज्यादा बढ़ गई। इस शिवलिंग की पूजा करने हजारों हिंदू भक्त जहां दूर-दूर से आते हैं,वही मुसलमान भी इस शिव मंदिर पर आकर सिर झुकाने लगे।यह मंदिर खजनी कस्‍बे के निकट सरया तिवारी गांव में है।  इसे झारखंडी शिव मंदिर भी कहा जाता है। मान्‍यता है कि ये शिवलिंग सैकड़ो साल  पुराना है और यहां पर शिवलिंग स्वयं प्रकट हुआ था। लोगों का मानना है कि शिव के इस दरबार में जो भी भक्‍त आकर श्रद्धा से पूजा अर्चना करता है, उसकी मनोकामना भगवान शिव जरूर पूरी करते हैं।इस शिव मंदिर के पुजारी जेपी पांडे ने बताया कि ये शिवलिंग सिर्फ हिंदुओं के लिए ही नहीं बल्कि मुस्लिमों के लिए भी उतना ही पूज्यनीय है।क्योंकि इस पर उर्दू में ‘लाइलाहाइल्लललाह मोहम्मदमदुर्र् रसूलुल्लाह’ लिखा हुआ है। उन्होंने बताया कि जब महमूद गजनवी ने भारत पर आक्रमण किया तो देश के सभी मंदिरों को लूटकर तबाह कर दिया। जब वह इस गांव में आया तो उसकी सेना ने इस शिवलिंग को भी उखाड़ फेंकना चाहा। महमूद गजनवी और उसकी सेना जब इस शिवलिंग को तोड़ नहीं कर पाई, तो उसने शिवलिंग पर कलमा खुदवा दिया, ताकि कोई हिंदू इसकी पूजा न कर सके।
पुजारी जेपी पांडे, शहर काजी वलीउल्लाह ने बताया कि इस मंदिर पर काफी कोशिश करने के बाद भी कभी छत नहीं बन पाई है। ये शिवलि‍ंग आज भी खुले आसमान के नीचे है। मान्‍यता है कि इस मंदिर के बगल में स्थित पोखर में नहाने से कुष्‍ठ रोग से पीड़ित एक राजा ठीक हो गए थे। तभी से अपने चर्म रोगों से मुक्ति पाने के लिए लोग यहां पर पांच मंगलवार और पांच रविवार स्‍नान करते हैं और रोग से निजात पाते हैं। महमूद गजनवी के मीर मुंशी अल उत्वी ने अपनी पुस्तक तारीखे यामिनी में लिखा है कि गजनवी ने इस मंदिर की भव्यता देखकर कहा था कि इस मंदिर के बारे में शब्दों या चित्रों से बखान करना नामुमकिन है। उसका अनुमान था कि वैसा भव्य मंदिर बनाने में उस समय के 10 करोड़ दीनार खर्च करने होंगे और इसमें समय भी 200 साल लगेगा। वर्तमान में यह मंदिर सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बन गया है। यहां के स्थानीय मुस्लिमों के लिए भी यह शिवलिंग पवित्र है। रमजान में मुस्लिम यहां पर आकर अल्लाह की इबादत करते हैं।
 इस मंदिर के शिवलिंग को नीलकंठ महादेव भी कहते हैं।(लेखक आध्यात्मिक चिंतक वरिष्ठ साहित्यकार है)
डॉ श्रीगोपाल नारसन एडवोकेट
पोस्ट बॉक्स 81,रुड़की, उत्तराखंड
मो0 9997809955

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *