ठाकुरबाबा, बर्दिया में 104 लोगों ने किया रक्तदान, गर्मी के बावजूद दिखा उत्साह
नेपालगंज/बाँके – संवाददाता: पवन जायसवाल । नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज बाँके के सल्लाहकार एवं शतक रक्तदाता पवन जायसवाल की अगुवाई में बर्दिया जिले के ठाकुरबाबा नगरपालिका, सैनवार में मंगलवार, 27 जेष्ठ 2082 को 104 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। यह कार्यक्रम प्रगति बचत तथा ऋण सहकारी संस्था लि. के आयोजन, नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज बर्दिया शाखा के सहयोग और समन्वय में सम्पन्न हुआ।
गर्मी के बावजूद जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, समाजसेवी, शिक्षक, पत्रकार, स्वास्थ्यकर्मी सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम 22वें विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर “खून दें, आशा जगाएं – सभी मिलकर जीवन बचाएं” नारे के साथ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर ठाकुरबाबा नगरपालिका के नगर प्रमुख तिलकराम लम्साल (7 बार), उप–प्रमुख बीना कुमारी भट्टराई (10 बार) और स्वास्थ्य शाखा प्रमुख बिष्णु प्रसाद ज्ञवाली ने एक-एक यूनिट रक्तदान कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
रक्तदान करने वालों में नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज बाँके के सल्लाहकार पवन जायसवाल ने 104वीं बार रक्तदान किया। वहीं बर्दिया शाखा के सचिव श्यामलाल थारु ‘प्रतिक’ ने 36 बार, जिला सदस्य चल्टुराम थारु ने 24 बार और चर्चित कलाकार खगेन्द्र नेपाल ने 16वीं बार रक्तदान किया।
अन्य प्रमुख रक्तदाताओं में राधा कुमारी चौधरी, लोकेन्द्र बहादुर बोहरा, कालुराम थारु, श्रीराम चौधरी, चन्द्रकान्त लम्साल, रबिन तिवारी, जीवन कुमार कुशमा, मेलिना कुँवर, अनुराज थारु, फत्तेहसिंह थारु, अनुराग शाह, करुणा थारु, सबिता थारु, दिपसना थारु सहित अनेक लोगों ने हिस्सा लिया।
रक्त संकलन का कार्य प्रादेशिक रक्त सञ्चार केन्द्र नेपालगंज की टीम— होमराज गिरी, सन्दीप आचार्य, महेश रानाक्षेत्री, पवित्रा जैसी और अन्य तकनीकी सहयोगियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नेपाल रेडक्रॉस सोसाइटी की स्थानीय उप-शाखाओं और सहकारी संस्थाओं के कर्मचारियों तथा पदाधिकारियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज बर्दिया के अध्यक्ष एवं केन्द्रीय सदस्य प्रेम प्रसाद लम्साल की पहल और समर्पण से यह कार्यक्रम सफल हुआ। उन्होंने बर्दिया ही नहीं, आसपास के जिलों में भी रक्तदान कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह रक्तदान शिविर सामाजिक सहभागिता, मानवीय सेवा और जीवन रक्षा के लिए एक प्रेरणादायक पहल बनकर सामने आया है।


