काठमांडू महानगर ने शुरू की निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण सेवा
काठमांडू, १४ जून । काठमांडू महानगरपालिका ने निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण सेवा शुरु की है । मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के निःशुल्क परीक्षण के लिए विशेषज्ञों की एक टोली निर्माण कर महानगरपालिका ने सेवा शुरू की है । यह सेवा हर रविवार और बुधवार सुबह १० बजे से दोपहर १२ बजे तक प्रदान की जाएगी ।
महानगर के स्वास्थ्य विभाग ने वार्ड नंबर ११ बबरमहल स्थित शहरी स्वास्थ्य प्रोत्साहन केंद्र से यह सेवा शुरू की है । इसका उद्देश्य तनाव, चिंता, अवसाद (डिप्रेशन) और नशे की लत जैसी मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सहायता प्रदान करना है । महानगरपालिका वार्ड–११ के अध्यक्ष हीरालाल तंडुकार ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को छुपाने के बजाय खुलकर इलाज के माध्यम से संभावित जोखिम को कम करने के लिए यह पहल की गई है ।
काठमांडू महानगर ने मानसिक स्वास्थ्य के लक्षण, प्रभाव और समाधान के बारे में जागरूकता बढ़ाने और परीक्षण एवं परामर्श के माध्यम से समस्या को हल करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम शुरू किया है ।

