Sat. Apr 18th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

तेरापंथ महिला मंडल वीरगंज द्वारा “आचार्य महाश्रमण कन्या सुरक्षा अभियान” का भव्य शुभारंभ

 

20 जून 2025 – सामाजिक जागरूकता और नारी सुरक्षा की दिशा में एक नई पहल करते हुए तेरापंथ महिला मंडल वीरगंज द्वारा “आचार्य महाश्रमण कन्या सुरक्षा अभियान” का भव्य उद्घाटन शुक्रवार प्रातः वीरगंज के शंखधर साख्वा पार्क में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन नारी सुरक्षा, नैतिक शिक्षा और आत्मरक्षा के महत्व को समाज के समक्ष प्रस्तुत करने वाला एक ऐतिहासिक कदम रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीरगंज महानगरपालिका के मेयर श्री राजेश मान सिंह जी थे। उनके साथ मंच पर विशेष अतिथि अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सरिता डागा, विशिष्ट अतिथि नेपाल स्तरीय जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार बैद, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की कार्यसमिति की संयुक्त मंत्री श्रीमती डॉ. वंदना जी बरडिया, प्रचार प्रसार मंत्री श्रीमती सरिता जी बारलोटा, कन्या मंडल की प्रभारी श्रीमती सोनम जी बागरेचा, वीरगंज महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती बबीता जी खटेड़, तेरापंथ महिला मंडल वीरगंज की समस्त नारी शक्ति, सभी संघ संस्थाओं के पदाधिकारी गण तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र के सामूहिक मंगलोच्चारण से हुई, जिससे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके बाद सभी अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात कन्या सुरक्षा अभियान का उद्घाटन मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं महिला मंडल वीरगंज की अध्यक्ष श्रीमती बबीता जी खटेड़, मंत्री श्रीमती कुसुम मनोत आदि द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

यह भी पढें   नेपाल पर चीन का दबाव: तिब्बत-ताइवान गतिविधियों को लेकर काठमांडू से ‘स्पष्ट आश्वासन’ की मांग

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों ने अपने मन्तव्यों के माध्यम से कन्या सुरक्षा के इस अभियान की सराहना की।

अपने प्रेरणास्पद मन्तव्य में मेयर श्री राजेश मान सिंह जी ने महिला मंडल की इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताया और नगर पालिका की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। मेयर श्री राजेश मान सिंह जी ने कहा – “इस प्रकार की पहल आज की सामाजिक आवश्यकता है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, अपितु सामाजिक सहभागिता से भी संभव है।”

नेपाल स्तरीय जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार बैद ने अपने संबोधन में कहा कि कन्या केवल परिवार की नहीं, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होती है। तेरापंथ महिला मंडल वीरगंज द्वारा प्रारंभ किया गया यह ‘कन्या सुरक्षा अभियान’ वास्तव में समय की आवश्यकता है। आज जब समाज में अनेक चुनौतियाँ नारी सुरक्षा के समक्ष खड़ी हैं, तब ऐसे जागरूकता से परिपूर्ण कार्यक्रम हमारे सामाजिक दायित्व को निभाने की प्रेरणा देते हैं।

यह अभियान न केवल आत्मरक्षा की तकनीक सिखाएगा, बल्कि नैतिक शिक्षा, आत्मविश्वास और चारित्रिक मजबूती की ओर भी बेटियों को अग्रसर करेगा। जिस समाज में बेटियाँ निडर होकर आगे बढ़ती हैं, वही समाज सशक्त और समृद्ध बनता है।

मैं तेरापंथ महिला मंडल वीरगंज की समस्त कार्यकारिणी को इस सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य के लिए हृदय से साधुवाद देता हूँ और अपेक्षा करता हूँ कि यह अभियान अनेक बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

यह भी पढें   सार्वजनिक पद पर रहे प्रमुख राजनीतिक पदाधिकारियों और उच्च पदस्थ कर्मचारियों की संपत्ति विवरण जांच के लिए आयोग गठन

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सरिता डागा ने अपने मन्तव्य में तेरापंथ महिला मंडल की देशव्यापी गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा – “हमारे संगठन का ध्येय केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना है। कन्या सुरक्षा अभियान इसी उद्देश्य की एक मजबूत कड़ी है।”

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सरिता डागा ने अपने भावपूर्ण और ऊर्जावान संबोधन में कहा “तेरापंथ महिला मंडल केवल आयोजनों की संस्था नहीं है, यह एक विचारधारा है – नारी जागृति, संस्कार, सुरक्षा और सेवा की विचारधारा। हम यह मानते हैं कि एक सशक्त नारी ही सशक्त समाज की नींव है। और इसी भावना को साकार रूप देने के उद्देश्य से आज ‘आचार्य महाश्रमण कन्या सुरक्षा अभियान’ का उद्घाटन एक ऐतिहासिक क्षण बन गया है। यह अभियान केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि एक आंदोलन है – जो कन्याओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देगा, उनमें आत्मविश्वास का संचार करेगा और उन्हें चारित्रिक, वैचारिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाएगा। आचार्य श्री महाश्रमण जी के आशीर्वचनों और अहिंसा-नैतिकता आधारित जीवन मूल्यों के आधार पर हम एक ऐसी पीढ़ी तैयार करना चाहते हैं जो अपने अधिकारों के प्रति सजग, समाज के प्रति उत्तरदायी और संस्कृति के प्रति संवेदनशील हो।

यह भी पढें   पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह ने बालेन शाह सरकार और युवा पीढ़ी के प्रति नरम रुख अपनाया, आर्थिक सुधार और आत्मनिर्भरता पर दिए सुझाव

मैं वीरगंज महिला मंडल की पूरी टीम को इस रचनात्मक सोच, योजनाबद्ध क्रियान्वयन और समाजोपयोगी कार्य के लिए हृदय से साधुवाद देती हूँ। विशेष रूप से इस बात की सराहना करती हूँ कि उन्होंने अपने प्रयासों को केवल आयोजन तक सीमित न रखकर उसे दीर्घकालिक प्रभाव देने वाली योजना के रूप में प्रस्तुत किया। मुझे विश्वास है कि यह कन्या सुरक्षा अभियान वीरगंज से प्रारंभ होकर सम्पूर्ण नेपाल और भारत के अन्य क्षेत्रों में भी प्रेरणा बनेगा। हमें ऐसी योजनाओं की ज़रूरत है जो बेटियों को बचाने के साथ-साथ उन्हें बढ़ाने और गढ़ने का कार्य करें। बेटियाँ केवल घर की नहीं, ऋषि निर्माण की धुरी हैं। आइए, हम सब मिलकर एक ऐसी सामाजिक संरचना का निर्माण करें, जिसमें हर कन्या सुरक्षित, सशक्त और सम्मानित अनुभव करे।

कार्यक्रम का संचालन सुश्री हर्षिका भंसाली द्वारा अत्यंत सुंदर शैली में किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला मंडल वीरगंज की अध्यक्ष श्रीमती बबीता जी खटेड़ ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, समाजजनों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कन्या सुरक्षा अभियान की भावी योजनाओं को संक्षेप में साझा किया।

यह आयोजन समाज में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और गरिमामयी जीवन की दिशा में एक सकारात्मक एवं प्रेरणास्पद संदेश देता है। तेरापंथ महिला मंडल वीरगंज का यह प्रयास निःसंदेह रूप से एक मजबूत सामाजिक बदलाव की नींव रखेगा।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *