यूट्यूब पर सबसे अधिक देखी जाने वाली नेपाली फिल्म बनी ‘छक्कापञ्जा ३’
काठमांडू, ५ सितम्बर । नेपाली सिनेमा ‘छक्कापञ्जा ३’ यूट्यूब पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन गई है । चार वर्ष पहले सार्वजनिक हुई इस फिल्म को अब तक ३ करोड़ ७० लाख से अधिक बार देखा जा चुका है ।
‘आमा सरस्वती मुभीजÞ’ के बैनर तले बनी यह फिल्म २०७५ असोज २४ गते (अक्टूबर २०१८) को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी । बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई करने के बाद इसे करीब दो साल बाद यूट्यूब चैनल ‘हाइलाइट्स नेपाल’ पर अपलोड किया गया था ।
दीपाश्री निरौला द्वारा निर्देशित इस फिल्म में दीपकराज गिरी, दीपिका प्रसाई, प्रियंका कार्की, केदारप्रसाद घिमिरे, जितु नेपाल और नीर शाह जैसे कलाकारों ने अभिनय किया है ।
सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नेपाली फिल्मों की सूची में दूसरे स्थान पर अनमोल केसी अभिनीत फिल्म ‘क्याप्टेन’ है, जिसे अब तक ३ करोड़ ६३ लाख व्यूजÞ मिले हैं । वहीं, तीसरे स्थान पर प्रदीप खड्का स्टारर फिल्म ‘प्रेमगीत’ है, जिसे अब तक ३ करोड़ ४४ लाख बार देखा जा चुका है ।

