कराची में बहुमंजिला शॉपिंग सेंटर में लगी भीषण आग में तीन लोगों की मौत
पाकिस्तान के सबसे बड़े दक्षिणी शहर कराची में एक बहुमंजिला शॉपिंग सेंटर में लगी भीषण आग में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई. दुर्घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं. यह जानकारी पुलिस और बचाव अधिकारियों ने दी है. अधिकारियों के मुताबिक शनिवार रात करीब 10 बजे कराची के गुल प्लाजा में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. गुल प्लाजा एक थोक बाजार है, जहां घरेलू सजावट का सामान, कपड़े, खिलौने और इलेक्ट्रॉनिक्स बेचे जाते हैं.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक आग उस समय लगी जब अधिकतर दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर चुके थे या बंद करने की तैयारी में थे. एक दुकानदार मोहम्मद अहसान ने बताया कि वह ग्राहकों को दुकान बंद होने की सूचना दे रहा था, तभी आग भड़क उठी. अधिकारियों के मुताबिक आग तेजी से इसलिए फैली क्योंकि मॉल के एक हिस्से में दुकानदारों ने आयातित कपड़े, रेडीमेड गारमेंट्स और प्लास्टिक के घरेलू सामान जमा कर रखे थे, जिससे आग और भड़क गई.
क्या बोले चश्मदीद?
मौके पर मौजूद चश्मदीद अहसान ने कहा- ‘मैंने देखा कि गेट नंबर पांच से आग उठ रही है. हमने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके और देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया.’ रेस्क्यू कर्मी दानिश खान ने बताया कि अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं और आशंका है कि कुछ लोग अभी भी इमारत में फंसे हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि हमें लोगों से जानकारी मिल रही है कि कुछ लोग अभी अंदर फंसे हैं. फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है.




