सीमावर्ती शहर जोगबनी में नशामुक्ति जागरूकता रैली
माला मिश्रा जोगबनी (अररिया)। सीमावर्ती शहर जोगबनी में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर युवा प्रगति मंच एवं मारवाड़ी युवा मंच की ओर से नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार, नप अध्यक्ष रानी देवी, नप ईओ मयंक कुमार, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष रोहित यादव, नगर पार्षद प्रभात सिंह सहित गणमान्य लोग, एसएसबी जवान एवं स्कूली बच्चे शामिल हुए। बच्चों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
शुक्रवार को नेताजी चौक से निकली रैली मुख्य बाजार होते हुए सीमा स्थित गांधी चौक पहुंची, जहां गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। एसडीपीओ ने कहा कि नशा युवाओं के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित कर रहा है। सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस व एसएसबी लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है।
नप अध्यक्ष रानी देवी ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी को प्रशासन के साथ मिलकर आगे आना होगा। इस अवसर पर नप ईओ मयंक कुमार, शिवाजी झा, प्रकाश चंद्र विश्वास, गणेश साहा सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखे।
रैली में राहुल चौधरी, अजय उर्फ खुशबू दुबे, पूर्व उपमुख्य पार्षद नरेश प्रसाद, संजीव दास, हिमांशु सिंह, दीपक अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, योगेश तापड़िया, विकास गोयल, मोहम्मद बद्दू, प्रदीप साह सहित सैकड़ों स्कूली बच्चे व आम लोग शामिल हुए।



