हादसा : यूपी में रेलगाड़ी से टकरायी स्कूल वैन,13 बच्चों की मौके पर मौत

{हिमालिनी के लिए मधुरेश प्रियदर्शी की रिपोर्ट}
*कुशीनगर {यूपी}*– बिहार सीमा से सटे पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में आज सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ है. यह हादसा कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बहपुरवा रेलवे क्रासिंग पर आज हुआ. यहां रेलवे क्रॉसिंग पर सामने से आ रही सीवान से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 55075 बच्चों से भरी एक स्कूल वैन से टकरा गई.

इस हादसे में अब तक 13 बच्चों की मौके पर मौत हो गयी. इस हादसे में चार बच्चे गम्भीर रूप से घायल हैं. गंभीर रुप से घायल बच्चों और वैन चालक को कुशीनगर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हादसे की सूचना जंगल के आग की तरह इलाके में फैल गयी. मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गये. पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया है.
*सीएम योगी ने जताया दु:ख…..*
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर रेल हादसे पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है. उन्होंने प्रशासन को राहत व बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है. सीएम ने मृतकों और घायल बच्चों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है. सीएम ने गोरखपुर के कमिश्नर को इस रेल हादसे की जांच के आदेश भी दिए हैं.इस रेल हादसे के बाद मृतक एवं घायल बच्चों के घर में कोहराम मचा है.

