Mon. Jun 1st, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

आज क्रिकेट को मिलेगा नया चैंपियन

 

 

वेस्टइंडीज (02), भारत (02), ऑस्ट्रेलिया (05), श्रीलंका (01) व पाकिस्तान (01) विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं और अब रविवार को होने वाले 12वें विश्व कप में दुनिया को नया विश्व चैंपियन मिलना तय है। कभी टेस्ट क्रिकेट को सर्वेसर्वा मानने वाले इंग्लैंड ने विश्व कप फाइनल में पहुंचने के लिए अपने रवैये में काफी बदलाव किया है। 2015 विश्व कप के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड की टीम ने अपने दृष्टिकोण को सिरे से बदला। 1979, 1987 और 1992 में विश्व कप फाइनल हारने वाली इंग्लिश टीम 27 साल बाद फिर इस महाकुंभ के खिताबी मुकाबले में ताल ठोकेगी और इस बार उसके सामने पिछले विश्व कप की उप विजेता न्यूजीलैंड है। नंबर वन रैंकिंग वाले इंग्लैंड को शुरुआत से ही खिताब का दावेदार माना जा रहा था लेकिन ग्रुप स्तर में ही श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच हारने के बाद इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा। भारत के खिलाफ मुकाबले में उन्हें चोटिल जेसन रॉय को पूरी तरह फिट होने से पहले ही बुलाना पड़ा और यहां से उनकी किस्मत बदल गई। यहां से इंग्लैंड ने धमाकेदार वापसी भी की। उसके शुरुआती तीन बल्लेबाज मैच विनर हैं और अब तक ये तीनों मिलकर 1471 रन बना चुके हैं। टीम के पास तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स और जोफ्रा आर्चर की जोड़ी है जो कीवियों के लिए घातक साबित हो सकती है।

यह भी पढें   कर्मचारियों के वेतन में 21 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा

इंग्लैंड के लिए महत्वपूर्ण है विश्व कप : इंग्लैंड ने 1966 में फीफा विश्व कप जीता, लेकिन क्रिकेट में उसकी झोली खाली रही। फुटबॉल में गैरी लिनाकेर से लेकर डेविड बेकहम और हैरी केन तक कोई उसके बाद इंग्लैंड के लिए कप नहीं जीत सका। महिला फुटबॉल टीम भी सेमीफाइनल में हार गई। यहां पर युवा फुटबॉल देखते हैं तो बुजुर्ग और एशियाई मूल के लोग क्रिकेट। हालांकि उसकी महिला टीम ने 2017 में भारतीय टीम को हराकर विश्व कप फाइनल अपने नाम किया था। यहां पर क्रिकेट का मुफ्त प्रसारण भी नहीं होता है लेकिन इंग्लैंड के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद उस मैच को मुफ्त में प्रसारित किया गया। जगह-जगह बड़ी स्क्रीन लगा दी गई हैं। पहली बार इंग्लैंड में किसी वनडे टीम ने अपने जबर्दस्त आक्रामक खेल से क्रिकेटप्रेमियों का दिल जीत लिया है। पिछले विश्व कप में पहले चरण से बाहर होने के अपमान को उसने प्रेरणा की तरह लिया और शिखर पर जा पहुंची। अगर यह टीम विश्व कप जीतती है तो कम से कम इतना तो तय है कि इस देश में क्रिकेट दो कदम आगे बढ़ जाएगा।

यह भी पढें   दलित पत्रकार संघ के आयोजन में पालिका उपाध्यक्ष सहित २१ लोगों ने किया  रक्तदान

चौंकाने को तैयार न्यूजीलैंड : रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली यह टीम बल्लेबाजी में अभी तक कप्तान केन विलियमसन और रॉस टेलर के भरोसे रही है। गेंदबाजी में लॉकी फग्र्यूसन, मैट हेनरी और ट्रेंट बोल्ट ने आक्रामक प्रदर्शन कर उसको जीत दिलाई हैं। न्यूजीलैंड की टीम लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल खेलेगी और अगर यह टीम जीतती है तो इतना तो तय है कि रग्बी के पसंदीदा देश में क्रिकेट की बहार आ जाएगी। हालांकि इसके लिए उसकी सलामी जोड़ी को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। हाल के फॉर्म, लीग दौर में नतीजे और घरेलू मैदान होने की वजह से इंग्लैंड का पलड़ा थोड़ा भारी लगता है लेकिन एक टीम के तौर पर न्यूजीलैंड को बड़े मुकाबलों में हल्के में नहीं लिया जा सकता है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *