सुबह की सैर पर निकले मोदी और करने लगे समुद्र तट की सफाई
नई दिल्ली (12 अक्टूबर): प्रधानमंत्री मोदी कहीं भी जाते है तो वहां से कुछ न कुछ संदेश देशवासियों को देते हैं। चीनी राष्ट्रपति सी जिनपिंग के साथ अनौपचारिक शिखर सम्मेलन के लिए महाबलीपुरम प्रवास के दौरान मोदी ने सबुह-सुबह समुद्र तट पर पहुंचे और सफाई करने में जुट गये। स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत करनेवाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को खुद इसमें योगदान दिया। पीएम ने खुद इसका विडियो ट्वीट किया और जानकारी दी। विडियो में मोदी बीच पर फैला कचरा उठाकर एकत्र करते दिख रहे हैं। विडियो के साथ मोदी ने लिखा, ‘आज सुबह महाबलीपुरम के बीच पर साफ-सफाई की। यह काम करीब आधे घंटे किया। अपनी तरफ से एकत्र किए कचरे को मैंने जयराज को दिया, जो होटल स्टाफ का हिस्सा हैं।’ मोदी ने आगे लिखा, ‘चलिए यह पक्का करें कि हमारे सार्वजनिक स्थल साफ-सुधरे रहेंगे। यह पक्का करते हैं कि हम फिट और हेल्थी रहेंगे।’
पीएम मोदी वहां चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के लिए गए हुए हैं। चीनी राष्ट्रपति दो दिन के भारत दौरे पर हैं। दोनों शीर्ष नेताओं के बीच शुक्रवार शाम को मीटिंग हुई थी। रात को मोदी और जिनपिंग ने डिनर पर करीब ढाई घंटे तक चर्चा की थी। इस मीटिंग में आतंकवाद, व्यापारिक संतुलन पर बात हुई थी। शी जिनपिंग की मेजबानी के लिए पीएम मोदी ने तमिलनाडु की पारपंरिक वेशभूषा ‘वेष्टि’ (धोती), सफेद कमीज और अंगवस्त्रम पहना था। वहां मोदी ने शी को इस प्राचीन शहर की विश्व प्रसिद्ध धरोहरों ‘अर्जुन तपस्या स्मारक’, ‘नवनीत पिंड’ (कृष्णाज बटरबॉल), ‘पंच रथ’ और ‘शोर मंदिर’ के दर्शन कराए थे। आज चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के प्रवास का दूसरा दिन है। दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण ऐलान किए जा सकते हैं। शुक्रवार को महाबलीपुरम में पीएम मोदी और शी ने अनौपचारिक मुलाकात हुई थी।

