शोएब अख्तर ने कहा इमरान खान में पाकिस्तान को ‘एशियन टाइगर’ बनाने की काबिलियत
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक और पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की जमकर तारीफ की है। अख्तर ने रविवार को एक साक्षात्कार में कहा कि इमरान खान में पाकिस्तान को ‘एशियन टाइगर’ बनाने की क्षमता है।
बता दें कि 25 जुलाई को पाकिस्तान में हुए आम चुनाव के नतीजों में इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इमरान खान 1 अगस्त को पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इमरान खान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की जगह लेंगे।
शपथ समारोह से पहले पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने आगे कहा कि उन्हें भरोसा है कि पाकिस्तान एशियन टाइगर बन सकता है, लेकिन इसके लिए पूरे देश को इमरान के साथ खड़ा होना होगा। इसके साथ ही शोएब ने इमरान को बधाई देते हुए कहा कि वह आशा करते हैं कि इमरान लोगों की उम्मीदों को पूरा करेंगे।
बता दें कि शोएब ने ट्वीट कर के भी इमरान को बधाई दी थी और कहा था कि यह 22 सालों की मेहनत, लगातार कोशिश और कभी हार न मानने का ही नतीजा है। सिर्फ शोएब ही नहीं शाहिद अफरीदी, वसीम अकरम, उमर गुल, मोहम्मद हाफिज, उमर अकमल समेत कई क्रिकेटरों ने इमरान के समर्थन में ट्वीट किया था।


