पाकिस्तान में एक लैब ने साठ साल के बुजुर्ग काे प्रेग्नेंन्ट बताया, परिजनाें के हाेश उडे
बुजुर्ग महिलाओं की प्रेग्नेंसी के बारे में सुना होगा आपने लेकिन बुजुर्ग पुरुष प्रेग्नेंट हो जाए इस पर कोई आम इंसान भरोसा नहीं कर सकता है। जी हां पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के खानेवाल से ऐसी ही एक घटना सामने आई है जहां एक लैब ने 60 वर्षीय बुजुर्ग को प्रेग्नेंट घोषित कर दिया।
दरअसल अल्ला बिट्टा नाम का एक बुजुर्ग खानेवाल के डीएचक्यू हॉस्पिटल में इलाज करवाने आया था। वहां उसे यूरिन टेस्ट कराने के लिए कहा गया। इसके बाद वह शख्स एक प्राइवेट लैब में यूरिन टेस्ट कराने गया, लेकिन जब रिपोर्ट सामने आई तो उसके होश उड़ गए। रिपोर्ट में उसे प्रेग्नेंट बताया गया था।
जब इसकी सूचना सरकारी अधिकारियों तक पहुंची तो उन्हें कुछ इसमें झोल लगा तो उन्होंने इस मामले की जांच शुरू की। यह मामला पाकिस्तान के हेल्थकेयर कमीशन तक पहुंचा। इसके बाद खानेवाल के डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर ने लैब को सील कर दिया। लैब के मालिक अमीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह लैब डीएचक्यू हॉस्पिटल के पास ही है। हेल्थ डिपार्टमेंट ने लैब की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद कहा कि यह बिना किसी लाइसेंस के अवैध तरीके से चलाया जा रहा था। यहां कोई वैध डॉक्टर भी काम नहीं करता था। यह लैब पिछले दो साल से चल रहा था।



