प्रधानमंत्री देउवा आज जा रहे हैं भारत, करेंगे बाबा विश्वनाथ के दर्शन
काठमांडू.
चीन के बढ़ते दखल के बीच प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा श्रीलंका का दौरा रोककर भारत के दौरे पर आज जा रहे हैं. देउबा 3 दिन की यात्रा पर आज 1 अप्रैल को भारत जा रहे हैं.
प्रधानमंत्री के प्रेस प्रमुख गोविंद परियार बताया कि प्रधानमंत्री देउबा के साथ उनकी पत्नी आरजू देउबा, चार कैबिनेट मंत्री, सरकारी सचिव, वरिष्ठ अधिकारी और उद्योगपति सहित कुल 50 लोग होंगे. गुरुवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में देउबा के डेलीगेशन के सदस्यों के नाम पर पुष्टि हुई, जिसमें विदेश मंत्री डॉक्टर नारायण खडका, ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री पम्फा भूसाल, स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्री बिरोध खतिवाड़ा, कृषि और मवेशी मामलों के मंत्री महेन्द्र राय यादव शामिल हैं.
देउबा की तीन दिवसीय यात्रा के संबंध में मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस यात्रा से नेपाल और भारत के बीच बहुमुखी, पुराने और सौहार्दपूर्ण संबंध और मजबूत होंगे.’’ देउबा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता करेंगे और विदेश मंत्री एस. जयशंकर तथा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मिलेंगे.
बाबा विश्वनाथ के करेंगे दर्शन
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री देउबा के लिए दोपहर के भोज का भी आयोजन किया है. लंच के बाद देउबा नई दिल्ली में कारेबारियों से भी मुलाकात करेंगे. नेपाल वापसी से पहले देउबा 3 अप्रैल को वाराणसी (काशी) जाएंगे और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे.


