भारत सरकार के अनुदान सहयोग से निर्मित चंद्रगिरि में स्कूल भवन का उद्घाटन

काठमांडू 15 अगस्त । भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, काठमांडू के चंद्रगिरि में स्थित श्री विष्णुदेवी माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित स्कूल भवन का उद्घाटन आज भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव श्री करुण वंशल, चंद्रगिरि नगर पालिका के वार्ड अध्यक्ष श्री घनश्याम लुइटेल, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री इंद्र बहादुर सुबेदी, और शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय की केंद्रीय परियोजना कार्यान्वयन इकाई परियोजना निदेशक दिलीराम लुइटेल ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। कार्यक्रम में चंद्रगिरि नगर पालिका के प्रतिनिधियों, नेपाल सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों और केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान रुडकी के प्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने भाग लिया।
इस स्कूल भवन का निर्माण नेपाल सरकार के भूकंप प्रतिरोधी पुनर्निर्माण मानकों के अनुसार लगभग नेपाली करेंसी 6.9 करोड की लागत से किया गया है। यह स्कूल भूकंप के बाद पुनर्निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा प्रदान की गई 50 करोड अमेरिकी डॉलर की अनुदान राशि के तहत नेपाल के आठ जिलों में बनाए जा रहे 71 शैक्षणिक संस्थानों में से एक है। इन 71 शिक्षण संस्थानों में से 65 स्कूल पूरे हो चुके हैं और शेष 6 जल्द ही पूरे हो जायेंगे।
यह परियोजना नेपाल के साथ भारत की विकास साझेदारी को दर्शाती है और इसने शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के नेपाली सरकार के प्रयासों को ताकत दी है।


