बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों के दौरान अब तक 35 लोगों की मौत
बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों के दौरान भड़की हिंसा को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने देशव्यापी कर्फ्यू की घोषणा की है। प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है.
बांग्लादेश में 1971 के स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिए जाने के खिलाफ छात्रों और युवाओं का आंदोलन चल रहा था. लेकिन ये आंदोलन अब हिंसक रूप ले चुका है.
पिछले कुछ दिनों से जारी हिंसा को देखते हुए राजधानी ढाका समेत कई शहरों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. कई जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई है.
शुक्रवार को नरसिंगडी जेल पर हुए हमले और सैकड़ों कैदियों की रिहाई के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने देशव्यापी कर्फ्यू की घोषणा की. सरकारी प्रेस सचिव नईमुल इस्लाम खान ने कहा कि अब शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सेना जुटाई जाएगी.


