एसएसबी की पहल पर भंगहा में नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर आयोजित। 410 ग्रामीणों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया
नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने रविवार को सीमावर्ती ग्राम भंगहा में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। जिसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना था।शिविर का नेतृत्व 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंतसिंह नेगी ने किया। इसमें कुल 410 ग्रामीणों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया,शिविर के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श और आवश्यक औषधियाँ उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने सामान्य रोगों के उपचार के साथ-साथ स्वच्छता, संतुलित आहार, प्राथमिक उपचार और रोग-निवारण संबंधी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी भी प्रदान की।स्थानीय नागरिकों ने सशस्त्र सीमा बल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए यह शिविर अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम में नेपाल के अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित ऐसे जनसेवा कार्यक्रम सीमावर्ती समुदायों के स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ जनता और बल के बीच विश्वास व सहयोग को भी मजबूत करते हैं। 44वीं वाहिनी की यह पहल सीमावर्ती क्षेत्र के जीवन स्तर को उन्नत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


