देउवा के नेतृत्व वाली कांग्रेस ही आधिकारिक कांग्रेस हैः डॉ. कोइराला

काठमांडू, १६ जनवरी । नेपाली कांग्रेस के नेता डॉ. शेखर कोइराला ने दावा किया है कि वर्तमान समय में शेरबहादुर देउवा के नेतृत्व वाली कार्यसमिति ही नेपाली कांग्रेस की आधिकारिक पक्ष है । निर्वाचन आयोग में आधिकारिकता से संबंधित पत्र जमा कराने पहुँची कांग्रेस टीम में शामिल डॉ. कोइराला ने यह बात कही ।
कार्यवाहक सभापति पूर्णबहादुर खड्का के साथ आयोग पहुँचे कोइराला ने कहा कि विशेष महाधिवेशन का कार्यतालिका केवल केंद्रीय समिति ही तय कर सकती है, और वही आधिकारिक कांग्रेस है । नेता कोइराला ने कहा, ‘पूरी केंद्रीय समिति यहीं है, कुछ लोग अलग हो गए होंगे । विधान में किसी भी पदाधिकारी को विशेष अधिवेशन बुलाने का अधिकार नहीं है ।’
उन्होंने यह भी दावा किया कि विशेष महाधिवेशन के लिए किए गए हस्ताक्षर वापस लिए जाने की रसीद वे प्रमाण के तौर पर अपने साथ लाए हैं ।

