इस जीत में नई पीढ़ी की अहम भूमिका रही है,उनकी उम्मीदें और विश्वास व्यर्थ नहीं जाएंगे – रवि लामिछाने

काठमांडू, फागुन २३ – राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के सभापति रवि लामिछाने ने कहा कि निर्वाचन ने रास्वपा को और अधिक जिम्मेदारी दी है । निर्वाचन के बाद प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में रास्वपा को और अधिक जिम्मेदार बनना होगा ।
उन्होंने कहा कि देशभर में पार्टी ने जो जीत हासिल की है उसे रास्वपा ने केवल जीत के रुप में नहीं लिया है । उन्होंने कहा कि हमने इसे जनता द्वारा दी गई बहुत बड़ी जिम्मेदारी के रुप में लिया है । उन्होंने कहा कि जनता ं द्वारा दिखाए गए विश्वास ने उन्हें और अधिक जिम्मेदार और गंभीर बना दिया है । उन्होंने कहा कि ‘जनता द्वारा मिले इस अपार स्नेह और विश्वास ने हमें ऐसा महसूस कराया है कि इतिहास की ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है । ये सामान्य बात नहीं हैं, इसने हमें और अधिक जिम्मेदार और गंभीर बना दिया है ।’
उन्होंने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि जीत के उन्माद में नहीं आना है न ही विपक्ष के प्रति आक्रामक होना है । उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में विभिन्न विचारों का सम्मान करना आवश्यक है और अब गाली–गलौज नहीं कर काम करके दिखाने का समय आया है ।
उन्होंने कहा – हमें संयमित होना चाहिए, हमें उत्तेजित नहीं होना है । हमें विपक्ष को नीचा दिखाना या अपमानित करना तुरंत बंद कर देना चाहिए । लोकतंत्र का अर्थ ही है विभिन्न विचारों का सम्मान करना ।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि – इस जीत में नई पीढ़ी की अहम भूमिका रही है । उनकी उम्मीदें और विश्वास व्यर्थ नहीं जाएंगे ।

