कल शनिवार को विराटनगर के आरोहण गुरुकुल में मैथिली लोकगीत प्रतियोगिता
माला मिश्रा जोगबनी विराटनगर ( सीमा क्षेत्र ) । मैथिली विकास अभियान के बैनर तले विराटनगर में शनिवार को होने जा रहे ‘गीत-नाद मैथिली लोकगीत प्रतियोगिता’ का तैयारी पूरी कर ली गई है ।
पिछले दिनों सम्पन्न ऑडिशन से विभिन्न 12 समूहों ने फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली थी । मैथिली विकास अभियान द्वारा दी गई जानकारी अनुसार ऑडिशन में मोरंग और सुनसरी के विभिन्न 25 महिला गायन समूहों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में संगीत प्रशिक्षक विद्या मिश्रा, लोकगायक एवं संगीतकार भगवान झा तथा गायक राजीव मिश्रा ने निर्णायक थे । ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों से मैथिली भाषा के मौलिक लोकगीत गवाए गए।
मैथिली विकास अभियान के अध्यक्ष नवीन कर्ण ने बताया मैथिल संस्कृति में प्रत्येक संस्कार लोकगीतों के बिना अधूरा माना जाता है और समुदाय में जन्म से लेकर मृत्यु तक के संस्कारों में गीत गाने की परंपरा रही है। लेकिन बढ़ती आधुनिकता के प्रभाव के कारण ये संस्कार गीत विलुप्त होने की स्थिति में पहुँच गए हैं। इन्हीं गीतों के संरक्षण के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है ।
आयोजक के अनुसार फाइनल में ऑडिशन चरण पार कर चुके 12 समूहों के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा कराकर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का चयन किया जाएगा । आयोजक समिति ने यह भी बताया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक जनप्रिय विजेता की भी घोषणा की जाएगी।
प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार को विराटनगर स्थित आरोहण गुरुकुल में आयोजित होगा। फाइनल में मैथिली सांस्कृतिक गीत-संगीत के साथ-साथ नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे ।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त समूहों को क्रमशः 15 हजार, 11 हजार और 8 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।


