Sun. Jun 14th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

नेपाल के विराटनगर स्थित होटल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत, डीएसपी के नेतृत्व में जांच में जुटी पुलिस

 

हिमालिनी प्रतिनिधि विराटनगर । पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। मामला का पुष्टि मोरंग का प्रवक्ता डीएसपी मकेंद्र कुमार मिश्र ने किया है । उन्होंने बताया मामले का जांच चल रहा है जिसमें डीएसपी लोकेंद्र सिंह गुरुंग , इंस्पेक्टर अभिषेक श्रेष्ठ को लगाया गया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव अपने कुछ साथियों के साथ विराटनगर के वार्ड संख्या 10 स्थित शुभ होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार देर रात करीब 11 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए न्यूरो कार्डियो विराटनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी में अत्यधिक शराब सेवन के बाद स्वास्थ्य बिगड़ने की बात सामने आई है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। नेपाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। होटल में मौजूद साथियों से पूछताछ की जा रही है तथा होटल के रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
बताया जाता है कि हाल ही में पटना में ज्ञान बिंदु कोचिंग और खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े विवाद के मामले में दर्ज एफआईआर में भी प्रिंस यादव का नाम शामिल था। इसी बीच वे अपने कुछ साथियों के साथ नेपाल पहुंचे थे।
नेपाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम कोशी अंचल अस्पताल में होने के बाद रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही हैं।
फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्यमय मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सकेगी।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *