विराटनगर के प्रसिद्ध एवं लोकप्रिय चिकित्सक डॉ के एन ठाकुर का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

माला मिश्रा विराटनगर । विराटनगर के प्रसिद्ध एवं लोकप्रिय चिकित्सक डॉ. के.एन. ठाकुर के निधन की खबर से विराटनगर सहित सीमावर्ती क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कई दशकों तक चिकित्सा सेवा के माध्यम से समाज की सेवा करने वाले डॉ. ठाकुर अपने हंसमुख स्वभाव, सरल व्यवहार और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे।
डॉ. ठाकुर चर्म रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी अलग पहचान रखते थे। चिकित्सा क्षेत्र में लंबे अनुभव के साथ वे सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों की भी गहरी समझ रखते थे और क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों के जानकार माने जाते थे। मरीजों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार और सहज उपलब्धता उन्हें लोगों के बीच लोकप्रिय बनाती थी।
अपने सेवाकाल में उन्होंने बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार किया तथा गरीब और जरूरतमंद लोगों के प्रति हमेशा सहयोगात्मक रवैया अपनाया। उनके निधन से चिकित्सा जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
डॉ. ठाकुर के निधन की खबर पर चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनीतिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों तथा स्थानीय नागरिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

