बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा : नौ बच्चों की दर्दनाक माैत
२४ फरवरी
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. शनिवार की दोपहर वहां के सरकारी स्कूल के बाहर एक अनियंत्रित बोलेरो कार ने नौ बच्चों को रौंद दिया. इस दुर्घटना में 20 बच्चे गंभीर रूप से घायल भी हो गए जिनमें से तीन की हालत नाजुक है. इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक यह दुर्घटना स्कूल की छुट्टी के बाद उस वक्त हुई जब छात्र अपने घरों की तरफ जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे. दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया.
राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर शोक जताया है और मृतक छात्रों के परिवारों के लिए चार-चार लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है. दूसरी तरफ स्थानीय विधायक ने प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के बाद बोलेरो चालक पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है. पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रीय जनता दल के विधायक ने कहा है, ‘भले ही राज्य सरकार ने प्रदेश में शराब को प्रतिबंधित कर दिया है, लेकिन इसके इस्तेमाल पर रोक लगाने के मोर्चे पर वह असफल रही है.’
उधर स्थानीय पुलिस के एक उच्च अधिकारी के मुताबिक हादसे में मारे गए बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायलों का इलाज नजदीक के ही अस्पताल में चल रहा है. उन्होंने आगे बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक के बारे में भी पता लगाया जा रहा है.


