दिल्ली : पति और बच्चे की माैजूदगी में बहु ने की ससुर और सास की हत्या
कोरोना का कहर जारी है। कोरोना से बचने के लिए लोग अपने घरों में बंद हैं। लॉकडाउन के इस दौर में घरेलू हिंसा और अपराधों में भी वृद्धि देखने को मिली है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है दिल्ली के छावला से जहां एक बहू ने अपने सास-ससुर की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, बहू कविता (35) ने शुक्रवार सुबह अपने सास-ससुर का गला दबाने के बाद चाकू से मारकर हत्या कर दी। पुलिस को इस घटना की जानकारी सुबह 11 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बेटे-बहू को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। दरअसल, आज सुबह छावला थाना इलाके के दिनपुर में एक बहू ने अपने सास-ससुर की निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हत्या के दौरान बहू, उसका पति और दो बच्चे (6 और 8 साल के) घर में मौजूद थे।
शुरुआती जांच में पुलिस इसे प्रॉपर्टी का मामला बता रही है। हालांकि अभी इस पर पुलिस ने कुछ भी साफ कहने से इंकार कर दिया है और जांच पूरी होने की बात कही है।

