अमेरिका ने कहा- मुस्लिम महिलाओं का जबरन गर्भपात और पुरुषों की नसबंदी करा रही चीन की सरकार
शुक्रवार को आयोवा में मीडिया से बातचीत के दौरान पोम्पियो ने चीन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा, “कुछ हफ्ते पहले हमें चीन की करतूतों पर एक रिपोर्ट मिली। चीन के पश्चिमी प्रांत शिनजियांग में रहने वाली महिलाओं का बड़े पैमाने पर गर्भपात कराया जा रहा है। इतना ही नहीं पुरुषों की नसबंदी भी कराई जा रही है। इससे ज्यादा बर्बर और वहशी बर्ताव और क्या हो सकता है।” बता दें कि चीन के इस प्रांत में मुस्लिम रहते हैं। यहां कई डिटेंशन सेंटर हैं। उन्हें मजहबी आजादी नहीं दी जाती।
चीन पहले ही उइगर मुसलमानों का जबरन नसबंदी और गर्भपात करवा रहा है। शिनजियांग के सुदूर पश्चिमी क्षेत्र में पिछले चार साल से चलाए जा रहे अभियान को कुछ विशेषज्ञ एक तरह से ‘जनसांख्यिकीय नरसंरहार’ करार दे रहे हैं। इंटरव्यू और आंकड़े दिखाते हैं कि यह प्रांत अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं को नियमित तौर पर गर्भावस्था जांच कराने को कहता है, उन्हें अंतर्गर्भाशयी उपकरण (Intrauterine Device, IUD) लगवाने के अलावा नसबंदी करवाने और लाखों महिलाओं को गर्भपात कराने के लिए भी मजबूर करता है।
चीन इसे व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र बताता है
हालांकि चीनी नेता इसका खंडन करते हैं। वे इस डिटेंश कैंप्स को व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र बताते हैं। चीन सरकार की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी शिनजियांग में 2014 से 2019 तक 415,000 उइगर मुस्लिमों को कैद कर रखा गया था। इनमें से कई लोग ऐसे भी हैं जिन्हें एक से ज्यादा बार कैद किया गया है। कुल मिलाकर अभी 80 मिलियन से ज्यादा लोग चीन के डिटेंशन कैंप्स में कैद हैं।
पाकिस्तान समेत मुस्लिम देशों का क्या रूख
उइगर मुसलमानों पर अत्याचार को लेकर अभी तक किसी भी मुस्लिम देश ने चीन का खुलकर विरोध नहीं किया है। दुनियाभर के मुसलमानों के कथित मसीहा सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के मुंह से उइगरों को लेकर आज तक एक शब्द नहीं निकला है। ये सभी देश इस मामले में पड़कर चीन की दुश्मनी मोल नहीं लेना चाहते। जबकि, धरती के दूसरे किसी भी हिस्से में मुसलमानों को लेकर इनका रवैया एकदम सख्त रहता है।
मुस्लिम महिलाओं के बालों से बने सामान को अमेरिका भेज रहा चीन
एनएसए ने कहा कि अमेरिकी बॉर्डर कस्टम ने शिनजियांग के मानव बाल से बने बड़े पैमाने पर उत्पादों को बरामद किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी सरकार इन कैंपों में कैद उइगर मुस्लिम महिलाओं के बाल मुंडवा रही है और उनसे उत्पाद बनाकर अमेरिका भेज रही है। जून में अमेरिकी यूएस कस्टम और बॉर्डर फोर्स ने बताया था कि उन्होंने शिनजियांग से आ रहे बालों के उत्पादों और सामानों के एक शिपमेंट को जब्त किया है। संभावना जताई गई थी कि इसे शिनजियांग के कैंपो में कैद उइगरों ने तैयार किया था।

