भारत और नेपाल मिलकर सीमा का अध्ययन करने पर सहमत :विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ज्ञवाली
काठमांडू,

भारत और नेपाल मिलकर सीमा का अध्ययन करने पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों के अधिकारी सीमा को लेकर पैदा गलतफहमी दूर कर सही स्थिति का निर्धारण करेंगे। यह बात विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ज्ञवाली ने कही है। प्रतिनिधि सभा में एक सांसद के सवाल के जवाब में ज्ञवाली ने बताया कि धारचूला जिले में भारत से लगने वाली नेपाल की सीमा पर भारत की ओर निर्माण कार्य चल रहा है।
भारत महाकाली नदी के किनारे सुरक्षा दीवार का निर्माण करवा रहा है। मौके पर गए धारचूला के चीफ सर्वे ऑफीसर की रिपोर्ट के अनुसार नेपाल की जमीन का अतिक्रमण कर भारत दीवार का निर्माण करवा रहा है। इस मसले पर भारत सरकार से वार्ता करने पर दोनों देश सीमा पर संयुक्त सर्वे पर सहमत हो गए हैं। 12 अप्रैल को दोनों देशों के अधिकारी मौके पर जाकर सीमा का सर्वे करेंगे। देखेंगे कि भारत का निर्माण नेपाल की जमीन पर तो नहीं हो रहा।
विदेश मंत्री ज्ञवाली के अनुसार नेपाल की आपत्ति पर भारत ने साफ कर दिया है कि वह नेपाल की संप्रभुता का पूरा सम्मान करेगा। यदि दीवार का निर्माण नेपाल की जमीन पर हुआ पाया गया तो उसे हटाया जाएगा और उसी स्थान पर सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी, जहां पर भारत की जमीन होगी।

