प्रधानमंत्री ओली और थाईलैंड की समकक्षी के बीच महत्वपूर्ण समझौता, समझौते में क्या ?
काठमांडू, २ अप्रील । थाईलैंड की आधिकारिक यात्रा पर गए नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और थाईलैंड की प्रधानमंत्री पे थोंग थान शिनावात्रा के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई । बैठक के बाद दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए । बैठक के उपरांत एक संयुक्त प्रेस सम्मेलन का आयोजन भी किया गया ।
प्रेस सम्मेलन के दौरान बताया गया कि नेपाल और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक सहयोग से संबंधित समझौता हुआ है । साथ ही, पर्यटन सहयोग से जुड़े एक अन्य समझौता पत्र पर भी हस्ताक्षर किए गए । सांस्कृतिक सहयोग समझौते पर नेपाल की ओर से विदेश मंत्री डॉ. आरजु राणा देउबा और थाईलैंड की ओर से संस्कृति मंत्री सुदावान वांगसुफाकिजकोसोल ने हस्ताक्षर किए ।
प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और थाईलैंड की प्रधानमंत्री पे थोंग थान शिनावात्रा के बीच संपन्न समझौते में निम्नलिखित बिंदु शामिल हैंः
१. सांस्कृतिक समझौताः
नेपाल और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता किया गया । इस समझौते पर नेपाल की ओर से विदेश मंत्री डॉ. आरजु राणा देउबा और थाईलैंड की ओर से संस्कृति मंत्री सुदावान वांगसुफाकिजकोसोल ने हस्ताक्षर किए ।
२. पर्यटन सहयोग समझौताः
नेपाल और थाईलैंड सरकारों ने पर्यटन को बढ़ावा देने और सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता किया । इस समझौते पर थाईलैंड की ओर से पर्यटन और खेल मंत्री सोरावोंग तिएन्थोंग ने हस्ताक्षर किए ।
३. व्यापार और निवेश सहयोग समझौताः
नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ और थाई चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड बोर्ड ऑफ ट्रेड के बीच व्यापारिक सहयोग के लिए एक समझौता हुआ । इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के व्यापारियों और निवेशकों के बीच सहयोग बढ़ाना और व्यापार संबंधों को मजबूत करना है । इस समझौते पर नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के अध्यक्ष चंद्रप्रसाद ढकाल और थाई चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड बोर्ड ऑफ ट्रेड के अध्यक्ष सानन अंगुबोल्कुल ने हस्ताक्षर किए ।
४. शिक्षा और उच्च शिक्षा सहयोगः
काठमांडू विश्वविद्यालय और सियाम विश्वविद्यालय के बीच उच्च शिक्षा और अनुसंधान में सहयोग को लेकर समझौता किया गया । इस समझौते के तहत छात्र विनिमय (स्टूडेंट एक्सचेंज), अनुसंधान और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा ।
५. निजी क्षेत्र में सहयोगः
नेपाल और थाईलैंड के निजी क्षेत्रों के बीच अस्पताल, होटल और व्यापारिक निवेश से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए । यह समझौते दोनों देशों के निजी क्षेत्रों के बीच निवेश को बढ़ाने में मदद करेंगे ।
६. जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय सहयोगः
नेपाल और थाईलैंड ने जलवायु परिवर्तन के मुद्दों पर एक साथ काम करने और हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) को बढ़ावा देने का संकल्प लिया । इस समझौते का उद्देश्य सतत विकास और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है ।
७. बिम्सटेक में सहयोगः
थाईलैंड की प्रधानमंत्री ने बिम्सटेक सम्मेलन में नेपाल का औपचारिक स्वागत किया । नेपाल ने बिम्सटेक के सदस्य देशों के साथ व्यापार, ऊर्जा और पर्यटन सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की ।
पत्रकार सम्मेलन में नेपाल के प्रधानमन्त्री केपीशर्मा ओली ने कहा कि नेपाल और थाईलैंड के बीच ऐतिहासिक सांस्कृतिक संबंध हैं, जिन्हें और मजबूत किया जाएगा । उन्होंने थाई निवेशकों को नेपाल में निवेश करने का आमंत्रण दिया । नेपाल के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए थाई नागरिकों से नेपाल घूमने की अपील की ।
इसीतरह थाईलैंड की प्रधानमंत्री पे थोंग थान शिनावात्रा ने नेपाल और थाईलैंड के बीच शिक्षा, जलविद्युत, व्यापार और पर्यटन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई । उन्होंने नेपाल के साथ व्यापार संबंधों को और मजबूत करने की बात कही ।

