कांग्रेस के अलावा अन्य दलों के पास देश विकास की आर्थिक नीति नहीं हैः मंत्री पौडेल

काठमांडू, १२ अप्रील । स्वास्थ्य तथा जनसंख्या मंत्री प्रदीप पौडेल ने दावा किया है कि नेपाली कांग्रेस को छोड़कर अन्य किसी भी राजनीतिक दल के पास देश को विकसित करने की कोई ठोस आर्थिक नीति नहीं है । शनिवार को काठमांडू में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान नेपाल की अर्थव्यवस्था का उदारीकरण कांग्रेस ने ही किया है ।
मंत्री पौडेल ने कहा, “आज इस अर्थव्यवस्था का उदारीकरण नेपाली कांग्रेस ने किया है । आज कांग्रेस को छोड़कर कोई भी यह कहने की स्थिति में नहीं है कि मेरी यह आर्थिक नीति है । कांग्रेस की जो भी आर्थिक नीति है, वही सभी अपना रहे हैं ।” सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत नेपाल में कई काम हुए हैं, यह उल्लेख करते हुए मंत्री पौडेल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो उपलब्धियाँ अन्य देश नहीं कर पाए, वे नेपाल ने हासिल की हैं ।
मन्त्री पौडेल ने सवाल उठाया, “सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत नेपाल में बहुत सारे कार्य हुए हैं । समावेशिता के संदर्भ में क्या अमेरिका की संसद नेपाल जैसी ह ै? भारत की संसद नेपाल जैसी है ?” उन्होंने आगे कहा– “आज नेपाल में मातृ मृत्यु दर की यह स्थिति क्या पंचायती व्यवस्था में हो सकती थी ? शिशु मृत्यु दर जितनी आज घटी है, क्या यह पंचायती शासन में संभव था ? हमने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह उपलब्धियाँ भी हासिल की हैं जो अन्य देश नहीं कर पाए हैं । लेकिन मुद्दा यह है कि सब कुछ पूर्ण नहीं है, संतुष्ट होने की स्थिति अभी भी नहीं है ।”

