बलोचिस्तान में बड़ा बम धमाका
इस्लामाबाद 25अप्रैल

बलोचिस्तान में शुक्रवार को एक बड़ा बम धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका हिल गया. क्वेटा के मार्गेट इलाके में फ्रंटियर कोर (FC) के बम निरोधक दस्ते को निशाना बनाकर किए गए इस विस्फोट में चार पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. धमाके में तीन अन्य घायल हो गए हैं. इस हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और भारत के साथ बढ़े तनाव के बीच असीम मुनीर के लिए एक नई चुनौती खड़ी कर दी है.
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, यह विस्फोट तब हुआ जब फ्रंटियर कोर का बम निरोधक दस्ता क्वेटा के मार्गेट इलाके में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहा था. धमाके में सूबेदार शहजाद अमीन, नायब सूबेदार अब्बास, सिपाही खलील और सिपाही जाहिद मारे गए. इसके अलावा, लांस नायक जफर, लांस नायक फारूक और सिपाही खुर्रम सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इससे पहले भी बलोचिस्तान में आतंकी हमले होते रहे हैं. 15 अप्रैल को एक ऐसा ही हमला हुआ था, जिसमें पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया था. एक खड़ी मोटरसाइकिल पर बम लगाया गया था. बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग शहर में जब एक बस 40 पुलिसकर्मियों को ले जा रही थी, तभी धमाका हो गया. इसमें तीन पुलिसकर्मी मारे गए थे. इस्लामिक स्टेट ने इसकी जिम्मेदारी ली थी.

