आतंकवाद के खिलाफ नेपाल के रुख के लिए धन्यवादः भारतीय राजदूत श्रीवास्तव

काठमांडू, १० मई । जम्मू–कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए नेपाल सरकार तथा यहां की विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा भारत के साथ एकजुटता प्रकट किए जाने पर भारत ने नेपाल को धन्यवाद दिया है । नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के विभिन्न सञ्चार माध्यमों के प्रमुख सम्पादकों के साथ हुई एक अनौपचारिक संवाद में कहा कि जम्मू–कश्मीर में हुए हमले के खिलाफ नेपाल सरकार और समग्र नेपाली जनसमुदाय द्वारा व्यक्त की गई एकता पर धन्यवाद व्यक्त करता हूँ । उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध पूरी दुनिया को एकजुट होकर मुकाबला करना चाहिए । उन्होंने नेपाली नागरिक समाज तथा विशेषकर मीडिया जगत से मिले समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपेक्षा जताई ।
राजदूत श्रीवास्तव ने बताया कि कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले में एक नेपाली नागरिक समेत २६ निर्दोष लोगों की जान गई । उन्होंने इस हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन ‘द रेसिस्टेंट फोर्स’ ने २२ अप्रैल को यह हमला किया था । उन्होंने आगे कहा कि हमले के बाद भी जम्मू–कश्मीर क्षेत्र में आम नागरिकों के साथ–साथ धार्मिक, पुरातात्विक और ऐतिहासिक महत्व की संपदाओं को निशाना बनाते हुए लगातार हमले जारी हैं । इन हमलों के पीछे भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को बढ़ाने की मंशा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है ।
राजदूत श्रीवास्तव के अनुसार, पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान ने सीमा क्षेत्रों में ड्रोन और मिसाइल हमलों की तीव्रता बढ़ा दी है । ‘लाइन ऑफ कंट्रोल’ पर भारतीय सेना की चौकियों पर भी हमले किए गए, जिनमें अब तक १६ भारतीय सैनिकों की जान जा चुकी है । उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने इस गंभीर क्षति के बावजूद संयम बरतते हुए केवल जवाबी कार्रवाई की है ।
संपादकों के सवालों के जवाब में राजदूत श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने नेपाल के प्रधानमन्त्री केपी शर्मा ओली से भी मुलाकात की, जहां प्रधानमन्त्री ने आतंकवाद के खिलाफ किसी भी पहल के साथ नेपाल की एकजुटता और समर्थन दोहराया । साथ ही प्रधानमन्त्री ओली ने यह भी आश्वस्त किया कि नेपाल की भूमि का उपयोग कभी भी आतंकवाद के विरुद्ध कार्यों के लिए नहीं होने दिया जाएगा ।

