भूकंप से 10 फुट खिसक गया काठमांडू
सिडनी/काठमांडू
नेपाल के विनाशकारी भूकंप ने सैकड़ों जानें ही नहीं ली हैं, बल्कि उसने इस हिमालयी देश के भूगोल को भी बिगाड़कर रख दिया है । भू-वैज्ञानिकों के मुताबिक इस भूकंप से काठमांडू शहर तीन मीटर खिसक गया है, हालांकि दुनिया की सबसे बड़ी पर्वत चोटी एवरेस्ट के भूगोल में किसी बदलाव के संकेत नहीं हैं।
शनिवार दोपहर को आए 7.9 तीव्रता के इस विनाशकारी भूकंप ने पूरी काठमांडू वैली को झिंझोड़कर रख दिया था। भूकंप का केंद्र पोखरा से करीब 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित लामजुम में था।
वाडिया हिमालय भू विज्ञान संस्थान के भू भौतिकी विभाग के प्रमुख डॉ सुशील कुमार ने बताया कि नासा ने भूकंपीय क्षेत्र के सेटेलाइट अध्ययन के बाद काठमांडू 10 फुट खिसकने की पुष्टि की है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, भूकंप की वजह से इंडियन प्लेट के यूरेशियन प्लेट के नीचे खिसकने से हुए घर्षण के कारण पृथ्वी का 7,200 वर्ग किलोमीटर भूभाग अपनी जगह से तीन मीटर ऊपर उठ गया।
इसी खिंचाव की वजह से एक ही झटके में 79 लाख टन ऑफ टीएनटी ऊर्जा निकली, जिससे पृथ्वी की धुरी पर भी असर पड़ा। इस ऊर्जा का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि यह हिरोशिमा में हुए एटमी धमाके से निकली ऊर्जा से 504.4 गुना ज्यादा थी।

