सुनसरी जिले का लौकही तनावग्रस्त, महेंद्र राजमार्ग अवरुद्ध
काठमांडू, १ जनवरी । सशस्त्र पुलिस की गोली लगने से एक ऑटो रिक्शा चालक की मौत के बाद सुनसरी जÞिले का लौकही बाजÞार तनावग्रस्त हो गया है । हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े हैं । कोशी प्रदेश के डीआईजी विनोद घिमिरे ने बताया कि स्थिति नियंत्रण के लिए कुछ सेल आंसू गैस का प्रयोग किया गया है ।
गुरुवार तड़के करीब १ बजे कोशी गाँवपालिका–१ में तस्करी नियंत्रण के लिए तैनात सशस्त्र पुलिस बल की टीम द्वारा चलाई गई गोली से स्थानीय ४५ वर्षीय विजय साह की मौत हो गई । इसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोग प्रदर्शन में उतर आए ।
विजय साह की मौत से गुस्साए स्थानीय लोगों ने पूर्व–पश्चिम (महेंद्र) राजमार्ग के लौकही खंड को अवरुद्ध कर दिया है । आक्रोशित भीड़ ने सशस्त्र पुलिस की अस्थायी चौकी में आगजनी और तोड़फोड़ भी की है ।
राजमार्ग अवरुद्ध होने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है । केवल मोटरसाइकिलें ही आ–जा रही हैं, जबकि बड़े वाहन रास्ते में ही रुके हुए हैं । स्थानीय लोग मृतक के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं ।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से वार्ता की पहल की है, लेकिन दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हैं ।

