Tue. May 5th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

भारतीय राजदूतावास काठमांडू के तत्वावधान में हिन्दी साहित्य उत्सव कार्यक्रम का सफल आयोजन

 


काठमांडू,३१ जनवरी,०२६ । भारतीय राजदूतावास काठमांडू के तत्वावधान में आज नेपाल भारत लाइब्रेरी, न्यू रोड में हिंदी साहित्य उत्सव कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदी साहित्य के तीन महान साहित्यकारों—जयशंकर प्रसाद, मोहन राकेश पाण्डेय एवं गोपाल दास नीरज—के व्यक्तित्व और कृतित्व पर सारगर्भित चर्चा की गई।
जयशंकर प्रसाद के साहित्यिक योगदान पर डी.ए.वी. स्कूल की शिक्षिका श्रीमती कविता सापकोटा ने अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं मोहन राकेश पाण्डेय और गोपाल दास नीरज जी पर केन्द्रीय विद्यालय काठमांडू की शिक्षिका सुश्री अमृता शर्मा एवं शिक्षक श्री एम. एस. कुमारस्वामी ने विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में केन्द्रीय विद्यालय की छात्राएं ऐश्वर्या कोचर, संस्कृति गौतम और अवनि अग्रवाल ने संबंधित साहित्यकारों की रचनाओं का भावपूर्ण वाचन किया। इसके अतिरिक्त डी.ए.वी. स्कूल की छात्राएं सृष्टि एवं सायंतिका माँझी ने भी मोहन राकेश पाण्डेय तथा गोपाल दास नीरज की कविताओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
केन्द्रीय विद्यालय भारतीय राजदूतावास काठमांडू के प्राचार्य श्री ए. जेराल्ड ने नेपाल के पारंपरिक अंगवस्त्रम खादा प्रदान कर अतिथि वक्ताओं का सम्मान किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन केन्द्रीय विद्यालय काठमांडू के वरिष्ठ शिक्षक डॉ आनंद कुमार त्रिपाठी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षक श्री नरपत चौहान द्वारा प्रस्तुत गुरु वंदना से हुआ। त्रिभुवन विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्राध्यापक डॉ विनोद कुमार विश्वकर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं के प्रमुख एवं सदस्यगण उपस्थित रहे, जिनमें प्रो. अरविंद कुमार महापात्र, इम्तियाज वफ़ा, जी. एन. सरस्वती, कुसुम, अल्फा रेजी, कमल कांत, डी. पी. दास, स्मृति, अनिल कुमार, सत्यव्रत शर्मा, प्रकाश सापकोटा, जटाशंकर झा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति सम्मिलित थे।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय राजदूतावास काठमांडू के अताशे (राजभाषा) डॉ धनेश द्विवेदी ने सभी वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *